उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के समुदाय एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय के बीएससी फूड साइंस एंड न्यूट्रिशन के विद्यार्थियों ने आज कला एवं संस्कृति के अनूठे संगम को समझने के उद्देश्य से पिछवाई आर्ट गैलरी एंड वर्कशॉप (Fine Art) का शैक्षणिक भ्रमण किया।
यह शैक्षणिक भ्रमण जय शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। भ्रमण की शुरुआत प्रातः 11:00 बजे हुई, जब विद्यार्थियों का दल उत्साहपूर्वक गैलरी पहुंचा।
इस दौरान गैलरी के प्रमुख चित्रकार नरेन्द्र शर्मा ने विद्यार्थियों को पारंपरिक पिछवाई कला की बारीकियों से अवगत कराया।
उन्होंने रंगों के चयन, पारंपरिक चित्रकला तकनीकों तथा कलाकृतियों के निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय पारंपरिक कला एवं संस्कृति से जोड़ना तथा उनके रचनात्मक एवं कलात्मक दृष्टिकोण को विकसित करना था।
विद्यार्थियों ने गैलरी में प्रदर्शित विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी गहन सराहना की। भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान एवं सांस्कृतिक समझ को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।