उदयपुर। भारत के अग्रणी बिजनेस नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) लगातार अपने विस्तार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। महानगरों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए बीसीआई ने राजधानी दिल्ली के बाद अब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी अपने नए चैप्टर की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि बावा ग्रुप ऑफ होटल्स की वाइस प्रेसीडेंट गुरिंदर कौर को बीसीआई मुंबई चैप्टर का प्रेसीडेंट नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरिंदर कौर के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और उद्योग जगत में मजबूत नेटवर्क से बीसीआई को मुंबई में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
नवनियुक्त प्रेसीडेंट गुरिंदर कौर ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि मुंबई जैसे गतिशील और प्रतिस्पर्धी महानगर में बीसीआई के माध्यम से व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स को एक सशक्त नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म मिलेगा। यह मंच न केवल बिजनेस ग्रोथ को गति देगा, बल्कि नए अवसरों, सहयोग और नवाचार को भी बढ़ावा देगा।
उन्होंने आगे कहा कि बीसीआई मुंबई चैप्टर के माध्यम से शहर के बिजनेस समुदाय को एकजुट कर एक मजबूत और सहयोगात्मक इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा, जिससे सदस्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और विस्तार के अवसर प्राप्त होंगे।
संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि बीसीआई का उद्देश्य देशभर के उद्यमियों और व्यवसायियों को एक साझा मंच प्रदान कर उनके व्यापार को नई दिशा देना है, और मुंबई चैप्टर का गठन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।