GMCH STORIES

छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, शिक्षा और रोजगार के संकट पर सरकार जवाब दे : कांग्रेस

( Read 577 Times)

24 Jun 26
Share |
Print This Page
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, शिक्षा और रोजगार के संकट पर सरकार जवाब दे : कांग्रेस

देशभर में शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान "छात्रों की गूंज" के अंतर्गत बुधवार को उदयपुर के तितरड़ी स्थित मेवाड़ बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कोटा में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में प्रस्तुत मूल प्रस्तुति का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


मीडिया प्रभारी दिनेश औदिच्य ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं के सामने शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रियाओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में देश का युवा वर्ग शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक होने की लगातार घटनाएं, परीक्षाओं का निरस्त होना, भर्ती प्रक्रियाओं में वर्षों तक देरी और बढ़ती बेरोजगारी ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को अनिश्चितता के भंवर में धकेल दिया है।

उन्होंने कहा कि छात्रों की केवल परीक्षा केंद्र में होने वाली परीक्षा ही नहीं होती, बल्कि उन्हें अपने धैर्य, आत्मविश्वास और भविष्य को लेकर भी कठिन परीक्षा से गुजरना पड़ता है। पेपर लीक और भर्ती घोटालों के कारण लाखों विद्यार्थियों को बार-बार तैयारी करनी पड़ती है, जिससे उन पर मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार इस गंभीर समस्या पर मौन बनी हुई है।

रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे नीट, जेईई, एसएससी, यूपीएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की तैयारियों पर छात्र और उनके परिवार प्रतिवर्ष लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह राशि शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम, विज्ञान एवं महिला-बाल विकास मंत्रालयों के संयुक्त बजट के बराबर है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी परिवारों के कंधों पर डाल दी गई है, जो चिंताजनक स्थिति है।

उदयपुर देहात एवं शहर जिला कांग्रेस की सह-प्रभारी डिंपल कुंवर राठौड़ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवाद, पेपर लीक, परीक्षा निरस्तीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी ने छात्रों के बीच निराशा और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अक्षमता के कारण युवाओं का विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि लाखों छात्र वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली अनियमितताओं के कारण उन्हें फिर से परीक्षा देने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे उनका समय, मेहनत और आर्थिक संसाधन तीनों प्रभावित होते हैं। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर राज्यव्यापी जनजागरण अभियान चला रही है और छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रही है।

उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा कुप्रबंधन, रद्द होती भर्तियां, बढ़ती फीस, शिक्षा का निजीकरण और विभिन्न घोटालों ने छात्रों के सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के भविष्य से तय होता है और यदि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं रोजगार के अवसर नहीं मिलेंगे तो देश का विकास भी प्रभावित होगा।

उन्होंने कहा कि "छात्रों की गूंज" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों के लिए एक व्यापक जनआंदोलन है। यह अभियान निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग करता है। उन्होंने कहा कि हर छात्र को समान अवसर, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तथा युवाओं की समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया।

इस अवसर पर पीसीसी उपाध्यक्ष हीरा लाल दरांगी, लोकसभा प्रत्याशी ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत, पीसीसी महासचिव पंकज शर्मा, पीसीसी सचिव भीम सिंह चुंडावत, पूर्व देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, कल्याण सिंह राव, अजय सिंह, मोड़ सिंह सिसोदिया, ब्लॉक अध्यक्ष ओनार सिंह सिसोदिया, रूपलाल मीणा, राजेंद्र गोखरू, राजेंद्र जैन, कामिनी गुर्जर, डॉ. संजीव राजपुरोहित, चंदा सुहालका, दिनेश औदिच्य, भगवती डांगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like