GMCH STORIES

भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आगाज़, कार्यकर्ताओं को संगठन और विचारधारा का दिया गया पाठ

( Read 444 Times)

19 May 26
Share |
Print This Page
भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आगाज़, कार्यकर्ताओं को संगठन और विचारधारा का दिया गया पाठ

उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और जनसेवा के मूल मंत्रों से अवगत कराया गया।


मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए चित्तौड़गढ़ सांसद एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक का सफर संघर्षों और समर्पण से भरा रहा है। भाजपा की पंचनिष्ठा — राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, सामाजिक-आर्थिक विकास, सकारात्मक पंथनिरपेक्षता और मूल्य आधारित राजनीति — ने पार्टी को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनाया है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के 14 करोड़ से अधिक सदस्य हैं और यह राष्ट्रवाद के आधार पर चलने वाला दल है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जोशी ने कहा कि हर चुनाव में ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी ईवीएम नहीं, बल्कि अपने कार्यों के जरिए जनता के दिलों को हैक किया है।”

उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति और समाज एक-दूसरे के पूरक हैं। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से नहीं जोड़ा जाएगा, तब तक विकसित भारत का सपना अधूरा रहेगा।

वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए सीपी जोशी ने कहा कि दुनिया में पेट्रोल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई, लेकिन भारत में सीमित वृद्धि के बावजूद सरकार ने जनता के हितों का ध्यान रखा। उन्होंने दावा किया कि आज पूरा विश्व प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश महामंत्री श्रवण बागड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी नाहर सिंह जोधा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मुंदड़ा, जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, शहर विधायक ताराचंद जैन और प्रभारी हरीश पाटीदार द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

स्वागत भाषण में जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर संगठन की मजबूती का आधार हैं। ऐसे महाअभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करते हैं और संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हैं।

शिविर के पहले दिन छह सत्र आयोजित किए गए। इनमें भाजपा का इतिहास एवं विकास, कार्य विस्तार, कार्यकर्ता विकास, संगठनात्मक कार्यपद्धति, सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं और सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा मूल्य आधारित राजनीति करती है और अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करती।

प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और चमक बनाए रखने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण आवश्यक है। संवाद और वैचारिक स्पष्टता ही संगठन को मजबूत बनाती है।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री पारस सिंघवी, देवीलाल सालवी और करणसिंह शक्तावत ने किया।

शिविर में पूर्व विधायक वंदना मीणा, एससी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. संजय चंदेल, रजनी डांगी, कविता जोशी, हंसा माली, किरण तातेड़, खूबी लाल पालीवाल, डॉ. पंकज बोराणा, सम्पत सांखला, रविंद्र श्रीमाली, अतुल चंडालिया, सोनिका जैन, रणजीत सिंह, विजय आहूजा, अमृत मेनारिया, मुकेश जोशी, प्रतिभा नागदा, विजयलक्ष्मी कुमावत, सपना कुर्डिया, डॉ. सीमा चम्पावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like