GMCH STORIES

आरयूआईडीपी संवाद 54.99 करोड़ की सीवरेज परियोजना से जैसलमेर के शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा

( Read 194 Times)

05 Aug 26
Share |
Print This Page
आरयूआईडीपी संवाद 54.99 करोड़ की सीवरेज परियोजना से जैसलमेर के शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा

      जैसलमेर राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के तहत जैसलमेर शहर में लगभग 54.99 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सीवरेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन परियोजना को लेकर बुधवार को जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ’’आरयूआईडीपी संवाद’’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, महिला प्रतिनिधि एवं अन्य हितधारकों ने भाग लेकर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।

     बैठक में आरयूआईडीपी अधिकारियों ने बताया कि पंचम चरण में एशियन विकास बैंक (एडीबी) के वित्तपोषण से लगभग 54.99 करोड़ रुपये की लागत से अपशिष्ट जल प्रबंधन तथा शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। परियोजना के पूर्ण होने से शहर में आधुनिक सीवरेज व्यवस्था विकसित होगी, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी, भू-जल एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा उपचारित जल का उपयोग हरित क्षेत्रों एवं अन्य उपयोगी कार्यों में किया जा सकेगा।

     कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव एवं फीडबैक दिए। आरयूआईडीपी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि व्यवहारिक एवं जनहित से जुड़े सुझावों को परियोजना के क्रियान्वयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

      जिला कलक्टर जोरवाल ने कहा कि जैसलमेर जैसे ऐतिहासिक एवं विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले शहर के लिए आधुनिक सीवरेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन व्यवस्था समय की आवश्यकता है। यह परियोजना केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सतत् शहरी विकास की मजबूत नींव है।

 

        उन्होंने कहा कि किसी भी विकास परियोजना की वास्तविक सफलता तभी संभव है जब प्रशासन, नगर परिषद, जनप्रतिनिधि और आमजन एक टीम के रूप में कार्य करें। सभी विभाग आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं समयबद्ध कार्यशैली के साथ परियोजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें, ताकि शहरवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

        जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों ने परियोजना का स्वागत करते हुए इसे जैसलमेर के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक सीवरेज व्यवस्था से शहर की स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने नगर परिषद एवं शहरवासियों की ओर से परियोजना के सफल क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

        कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर विशेष बल दिया कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्थानीय निकायों, प्रशासन और नागरिकों के बीच सतत संवाद एवं समन्वय आवश्यक है। इससे परियोजनाएं अधिक पारदर्शी, जनोन्मुखी और परिणामोन्मुख बनती हैं।

       अधीक्षण अभियंता, आरयूआईडीपी ने सभी जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, अधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों का सक्रिय सहभागिता एवं बहुमूल्य सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यह महत्वाकांक्षी परियोजना जैसलमेर के शहरी विकास, स्वच्छता एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगी।

      कार्यक्रम में नगरपरिषद के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आरयूआईडीपी के अभियंता, जनप्रतिनिधि, पूर्व पार्षद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like