उदयपुर, 19 जून। आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत राजस्थान विद्यापीठ द्वारा आयोजित 10 दिवसीय समारोह की श्रृंखला में शुक्रवार को प्रतापनगर स्थित कुलपति सचिवालय सभागार में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। “कार्यस्थल स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत शिक्षा में योग का वैज्ञानिक मूल्यांकन” विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी की अध्यक्षता कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने की। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को योग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रो. सारंगदेवोत ने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल एक परंपरा नहीं बल्कि जीवन की आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज हर पांच में से तीन व्यक्ति किसी न किसी बीमारी से ग्रसित है, ऐसे में योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि योग के नियमित अभ्यास से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित होता है, जो व्यक्ति के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना समय की मांग है।
योग रखे: निरोग - चेतना भाटी
कार्यक्रम में विद्यापीठ की ब्रांड एंबेसडर एवं पुलिस उप अधीक्षक चेतना भाटी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति निरोग जीवन जी सकता है। भारत प्राचीन काल से ही योग की परंपरा के कारण विश्व गुरु रहा है, लेकिन आज की युवा पीढ़ी तकनीकी युग में इस अमूल्य धरोहर को भूलती जा रही है। उन्होंने चिंता जताई कि आधुनिक जीवनशैली के कारण युवा वर्ग कई प्रकार की बीमारियों का शिकार हो रहा है।
चेतना भाटी ने कहा कि योग केवल शारीरिक क्रिया नहीं बल्कि यह पंचतत्वों के संतुलन की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और प्राकृतिक संतुलन स्थापित कर सकता है। उन्होंने युवाओं को आलस्य त्यागकर नियमित रूप से योग अपनाने की प्रेरणा दी और कहा कि “जो जागता है वही पाता है और जो सोता है वह खोता है।”
प्रारंभ में योग प्रभारी डॉ. रोहित कुमावत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए 10 दिवसीय योग कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस श्रृंखला के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें योग शिविर, कार्यशालाएं और जनजागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर स्पोट्स बोर्ड सचिव डॉ. भवानीपाल सिंह राठौड, निजी सचिव कृष्णकांत कुमावत, जितेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. दीपेश वत्स, भगवती लाल दवे, डॉ. धीरेन्द्र सिसोदिया, रंजना राणा, अनिता राजपूत, ललित सालवी, कालुसिंह, विकास पालीवाल सहित कार्यकर्ताओं ने योग का अभ्यास किया।