GMCH STORIES

जोड़ों का दर्द, कमर दर्द व स्पॉन्डिलाइटिस का आयुर्वेद पंचकर्म चिकित्सा से होगा इलाज, रोगियों मिलेगा दर्द से छुटकारा

( Read 790 Times)

02 Apr 26
Share |
Print This Page

उदयपुर :  आयुर्वेद विभाग की ओर से 47वां पांच दिवसीय विशाल निशुल्क आयुर्वेद पंचकर्म चिकित्सा शिविर का आयोजन 6 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय, सिंधी बाजार, उदयपुर में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। शिविर वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोभालाल औदीच्य के मार्गदर्शन में आयोजित होगा।

शिविर में विशेष रूप से जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, स्पॉन्डिलाइटिस, सायटिका तथा अन्य वातजन्य रोगों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही पाचन संबंधी विकार, एलर्जी, मोटापा, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को भी आयुर्वेदिक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर के दौरान पंचकर्म की प्रमुख प्रक्रियाओं के अंतर्गत वमन, विरेचन, बस्ती, नस्य, अभ्यंग और स्वेदन जैसे उपचार किए जाएंगे। इन उपचारों के माध्यम से शरीर में संचित विकारों को बाहर निकालकर रोगों की जड़ तक पहुंचकर उपचार किया जाता है। इसके अलावा शिरोधारा द्वारा मानसिक तनाव, अनिद्रा और मानसिक असंतुलन जैसी समस्याओं में भी राहत प्रदान की जाएगी।

विशेष चिकित्सा प्रक्रियाओं में कटिबस्ती कमर दर्द और रीढ़ संबंधी समस्याओं में लाभकारी सिद्ध होती है, वहीं जानूबस्ती घुटनों के दर्द और संधिवात में प्रभावी उपचार प्रदान करती है। ग्रीवाबस्ती गर्दन के दर्द और स्पॉन्डिलाइटिस के रोगियों के लिए उपयोगी है। पत्र पिंड स्वेद मांसपेशियों की जकड़न और सूजन को कम करने में सहायक है, जबकि बालुका स्वेद दर्द और सूजन में विशेष राहत देता है।

शिविर में आने वाले प्रत्येक मरीज की प्रकृति और रोग के अनुसार व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार की जाएगी। सभी उपचार प्रशिक्षित स्टाफ और अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में संपन्न होंगे, जिससे मरीजों को सुरक्षित और प्रभावी उपचार मिल सके।

राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय, सिंधी बाजार, उदयपुर अपनी सुव्यवस्थित पंचकर्म इकाई और अनुभवी चिकित्सा टीम के लिए जाना जाता है। यहां आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों से अब तक हजारों मरीज लाभान्वित हो चुके हैं और लोगों में आयुर्वेद के प्रति विश्वास निरंतर बढ़ रहा है।

आमजन से अपील की गई है कि वे इस पांच दिवसीय निशुल्क पंचकर्म चिकित्सा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति का लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like