GMCH STORIES

जिला स्तरीय निष्पादक समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

( Read 442 Times)

05 May 26
Share |
Print This Page
जिला स्तरीय निष्पादक समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

               जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय निष्पादक समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के शैक्षिक परिदृश्य, जिला रैंकिंग, सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणाम, पीएम श्री योजना, मिड डे मील प्रगति, विद्यालयों की भौतिक सुविधाओं, प्रवेशोत्सव अभियान 2026 एवं सिविल वर्क्स की प्रगति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

              बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों का निष्पादन पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

             उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक परिणामों में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही प्रवेशोत्सव अभियान 2026 को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक नामांकन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

             जिला कलक्टर जोरवाल ने निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले की शैक्षिक रैंकिंग में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करने के निर्देश दिए।

           इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी लालचंद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेन्द्र पालीवाल, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान सहित शिक्षा विभाग से जुड़े हुए अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like