GMCH STORIES

नवसृजित ग्राम पंचायत भोमसर में ग्राम रथ का भव्य स्वागत, कला जत्थे की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

( Read 333 Times)

06 May 26
Share |
Print This Page
नवसृजित ग्राम पंचायत भोमसर में ग्राम रथ का भव्य स्वागत, कला जत्थे की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

       जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत नवसृजित ग्राम पंचायत भोमसर (पंचायत समिति सांकड़ा) में ग्राम रथ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना, ढोल-थाली और पुष्पवर्षा कर विकास रथ का अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

      इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कला जत्थे द्वारा प्रस्तुत लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों एवं विकास कार्यों की जानकारी रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से दी गई, जिससे ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ा।

       ग्राम रथ अभियान के तहत गांव-गांव पहुंचकर एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इससे कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण नागरिकों को कृषि, पशुपालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की समग्र जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही है।

    कार्यक्रम के दौरान पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने संबोधित करते हुए राज्य सरकार द्वारा गत दो वर्षों में स्थापित विकास के कीर्तिमानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने “विकसित राजस्थान” के विजन को विस्तार से समझाते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार लाएं।

    इस मौके पर विधायक महंत प्रतापपुरी, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा सहित 20 से अधिक ग्राम पंचायतों के प्रशासक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने ग्राम रथ अभियान को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसकी सराहना की।

   ग्राम रथ अभियान को जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। 28 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सहभागिता लगातार बढ़ रही है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like