जैसलमेर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान-2026” के तहत पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत रासला में ग्राम रथ पहुंचा। ग्राम रथ के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तिलक, मालाओं एवं ढोल-नगाड़ों के साथ आत्मीय स्वागत किया। पूरे गांव में उत्साह एवं उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
अभियान के तहत एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान हितैषी कार्यक्रमों, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने योजनाओं से जुड़ी जानकारी को रुचि एवं उत्साह के साथ देखा और समझा।
इस अवसर पर लोक कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रभावशाली प्रचार-प्रसार किया। लोकगीतों एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया एवं ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में प्रशासक मुरीदखान, समाजसेवी प्यारेखान, नरपतसिंह, दितेखान, खुशहालराम एवं ग्राम विकास अधिकारी कमल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने एवं अंतिम व्यक्ति तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी है।