GMCH STORIES

ग्राम विकास चौपाल बना जनकल्याण और संवाद का सशक्त मंच

( Read 385 Times)

17 May 26
Share |
Print This Page
ग्राम विकास चौपाल बना जनकल्याण और संवाद का सशक्त मंच

   जैसलमेर । ग्राम पंचायत फतेहगढ़ में आयोजित ग्राम विकास चौपाल के दौरान राज्य स्तरीय ग्राम रथ अभियान के समापन समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने विभिन्न जिलों के लाभार्थियों से संवाद कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव एवं लाभों की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने एवं विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

 

        इस दौरान जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच एवं जनहितकारी पहल के परिणामस्वरूप ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई चेतना आई है। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से जैसलमेर एवं पोकरण विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश ग्राम पंचायतों तक पहुंचकर राज्य सरकार के 13 विभागों की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे पात्र एवं वंचित व्यक्तियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। साथ ही, उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक ग्राम रथों का स्वागत किया एवं योजनाओं के प्रति विशेष रुचि दिखाई। इस अभियान का मूल उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति राज्य सरकार की लाभदायी योजनाओं से वंचित न रहे।

 

      इस अवसर पर विधायक भाटी ने कहा कि ग्राम रथों के माध्यम से ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियों द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सहज एवं प्रभावी तरीके से ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने इसे जैसलमेर जैसे विस्तृत भौगोलिक क्षेत्र वाले जिले के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए ग्रामीणों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

      जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि 28 अप्रैल से प्रारंभ हुआ ग्राम रथ अभियान जिले के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है। अभियान के अंतर्गत जिले की लगभग 167 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। उन्होंने बताया कि जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की 90 ग्राम पंचायतों तथा पोकरण विधानसभा क्षेत्र की 77 ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ पहुंचे और हजारों ग्रामीणों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

 

    उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 22 हजार ग्रामीणों की सहभागिता रही, जो अभियान की सफलता और ग्रामीणों की जागरूकता को दर्शाता है। साथ ही, अभियान के दौरान केंद्रीय मंत्री, प्रभारी मंत्री, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से ग्रामीणों का मनोबल भी बढ़ा तथा योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंची।

 

     इस मौके पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, उपखंड अधिकारी भरत गुर्जर, विकास अधिकारी केवाराम, तहसीलदार नखतसिंह, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, पवन कुमार सिंह भाटी, शंभूदान भेलानी, फतेहगढ़ सरपंच नरेंद्र सैन, पूर्व सरपंच सवाईलाल, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी सहित अच्छी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like