GMCH STORIES

ग्राम रथ अभियान ने मरुस्थलीय क्षेत्रों में जगाई योजनाओं के प्रति नई जागरूकता

( Read 341 Times)

17 May 26
Share |
Print This Page
ग्राम रथ अभियान ने मरुस्थलीय क्षेत्रों में जगाई योजनाओं के प्रति नई जागरूकता

   जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने तथा आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान 2026 के तहत रविवार को अभियान के अंतिम चरण में जैसलमेर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम रथों के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं जनहितकारी पहलों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

 

      अभियान के तहत जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति फतेहगढ़ की ग्राम पंचायत उण्डा, मण्डाई, कोडियासर एवं पाबनासर में ग्राम रथ कार्यक्रम आयोजित हुए। वहीं पोकरण विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति भणियाणा की ग्राम पंचायत रावतपुरा, नेतासर, सोहनपुरा एवं चांदनी मेघासर में भी ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

 

      मरुस्थलीय जैसलमेर जिले में 28 अप्रैल से प्रारंभ हुआ यह विशेष अभियान ग्रामीण जनजीवन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ। अभियान के दौरान जिले की लगभग 167 ग्राम पंचायतों तक पहुंचकर 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इनमें जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र की 90 ग्राम पंचायतें तथा पोकरण विधानसभा क्षेत्र की 77 ग्राम पंचायतें शामिल रही। अभियान के माध्यम से हजारों ग्रामीणों, किसानों, पशुपालकों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंची तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

 

     योजनाओं की जानकारी के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग

 

     ग्राम रथों में लगी एलईडी स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल संदेशों एवं जनजागरूकता सामग्री के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से दी गई। कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाते हुए योजनाओं के प्रति गहरी रुचि दिखाई।

 

     अभियान के दौरान किसानों को कृषि एवं सिंचाई योजनाओं, पशुपालकों को पशुधन विकास योजनाओं, महिलाओं को स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों, युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं तथा विद्यार्थियों को शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

 

      प्रचार साहित्य वितरण कर दी योजनाओं की विस्तृत जानकारी

 

      कार्यक्रमों में ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित बुकलेट, पेम्पलेट एवं प्रचार सामग्री वितरित की गई, ताकि वे योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों को भली-भांति समझकर अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजनाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई गई।

 

      जनभागीदारी से अभियान बना सफल

 

      ग्राम रथ अभियान के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने पारंपरिक स्वागत के साथ ग्राम रथों का अभिनंदन किया एवं राज्य सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने की इस पहल की सराहना की। अभियान ने ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रति विश्वास और जागरूकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

      कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी भरत गुर्जर, विकास अधिकारी हनुमानराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से राज्य सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने एवं अन्य जरूरतमंद लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like