जैसलमेर । राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के तहत गुरुवार को पंचायत समिति जैसलमेर की ग्राम पंचायत डेढ़ा मुख्यालय पर जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा जल चौपाल तथा कृषि विभाग द्वारा खरीफ पूर्व किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं उन्नत कृषि तकनीकों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रशासक भगवान सिंह ने वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की जानकारी देते हुए जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया तथा ग्रामीणों से जल बचाने एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय से नियुक्त पर्यवेक्षक लक्ष्मी शर्मा ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की एवं उन्हें आजीविका संवर्धन एवं आर्थिक सशक्तिकरण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
कृषि विभाग के सहायक निदेशक (कृषि विस्तार) महावीर प्रसाद छीपा ने किसानों को सीमित जल में उन्नत खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने फार्म पॉण्ड, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों एवं विभिन्न कृषि योजनाओं में उपलब्ध अनुदान के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही किसानों को उन्नत किस्म के मोठ मिनीकिट वितरित किए गए।
जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के कनिष्ठ अभियंता धर्मराज मीणा ने जल चौपाल में क्षेत्र में निर्मित एवं प्रस्तावित जल संग्रहण तथा जल संरक्षण संरचनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए इनके महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सहायक कृषि अधिकारी-फसल संजय कुमार, सहायक कृषि अधिकारी सीताराम, अतिरिक्त विकास अधिकारी, जिला परिषद कैलाशचंद्र पालीवाल, कनिष्ठ अभियंता त्रिलोक शर्मा, कनिष्ठ सहायक उत्तमसिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, किसान एवं युवाओं ने भाग लेकर जल संरक्षण और कृषि विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।