जैसलमेर । प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प, सुशासन, जनकल्याण और समावेशी विकास की गौरवशाली यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय जैसलमेर द्वारा नगर परिषद सभागार में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुक्रवार को भव्य शुभारम्भ हुआ।
‘‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ थीम पर आधारित इस विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने फीता काटकर एवं भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विकास गाथाओं, जनहितकारी योजनाओं एवं राष्ट्र निर्माण की उपलब्धियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन, नवाचार और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर नई पहचान और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आधारभूत संरचना के विस्तार, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, किसान हित, युवा सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संरक्षण तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक कार्यों ने विकास को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि विकसित भारत की उस परिवर्तनकारी यात्रा का दस्तावेज है, जिसने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। प्रदर्शनी आमजन को सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी।
प्रदर्शनी में केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्षों की विकास यात्रा के साथ-साथ राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन के नवाचारों और विकासात्मक उपलब्धियों को आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक तरीके से प्रदर्शित किया गया है। विभिन्न विभागों से संबंधित लगाए गए फ्लेक्स, स्टैंडी, छायाचित्रों एवं सूचना पैनलों के माध्यम से आधारभूत संरचना विकास, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, रोजगार सृजन, कौशल विकास, डिजिटल सेवाएं, कृषि उन्नयन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जल प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी जा रही है।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि प्रदर्शनी आमजन को सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं की व्यापक जानकारी उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आग्रह करते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी ही उनके प्रभावी लाभ का आधार है। ऐसे आयोजन जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।
प्रदर्शनी में एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं सेवाओं की समग्र जानकारी उपलब्ध कराई गई है, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं प्रक्रियाओं के बारे में सरल एवं सुलभ जानकारी प्राप्त हो सके।
उद्घाटन समारोह में समाजसेवी अरुण पुरोहित, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जितेन्द्र सिंह सांदू, आयुक्त नगर परिषद लजपाल सिंह सौढ़ा, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, महिलाओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह जिला स्तरीय प्रदर्शनी 12 जून से 14 जून तक संचालित होगी। आमजन इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास उपलब्धियों एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।