GMCH STORIES

शहरी सेवा शिविर-2026 के फॉलोअप शिविर 21 जुलाई से, लंबित प्रकरणों का होगा त्वरित निस्तारण

( Read 463 Times)

20 Jul 26
Share |
Print This Page

           जैसलमेर । राज्य सरकार के जनकल्याण एवं सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शहरी नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा विभिन्न जनसेवाओं का लाभ आमजन तक सहज रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर-2026 के सफल आयोजन के बाद अब 21 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक (रविवार को छोड़कर) फॉलोअप शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

        इन फॉलोअप शिविरों में शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान लंबित रह गए प्रकरणों के साथ-साथ प्राप्त होने वाले नए आवेदनों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा पूर्व में शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान प्रदान की गई सभी छूट एवं शिथिलताएं फॉलोअप शिविरों में भी यथावत लागू रहेंगी, जिससे अधिकाधिक नागरिकों को राहत मिल सके।

     राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश की प्रत्येक नगरीय निकाय एवं प्राधिकरण क्षेत्र में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं सफल क्रियान्वयन की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित जिला कलक्टर की होगी। प्रत्येक शिविर के लिए जिला कलक्टर द्वारा शिविर प्रभारी एवं सहायक शिविर प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो शिविर की व्यवस्थाओं, विभागीय समन्वय एवं समयबद्ध निस्तारण की निगरानी करेंगे।

     फॉलोअप शिविरों में शहरी समस्या समाधान शिविर-2026 से जुड़े सभी विभाग पूर्ववत भाग लेंगे तथा नागरिकों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि जो भी नागरिक किसी कार्य अथवा समस्या के समाधान के लिए शिविर में पहुंचे, उसका कार्य उसी दिन पूर्ण कर दिया जाए।

      शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि सायं 5 बजे तक किसी नागरिक का कार्य लंबित रहता है तो संबंधित कार्य पूर्ण होने तक शिविर जारी रहेगा। शिविर प्रभारी यह सुनिश्चित करेंगे कि शिविर प्रारंभ होने से लेकर समापन तक सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

      फॉलोअप शिविरों के दौरान संपादित प्रत्येक कार्य पर ष्शहरी सेवा शिविर-2026 फॉलोअप शिविरष् की विशेष मुहर अंकित की जाएगी। राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का संचालन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

      जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि जिनके आवेदन पूर्व शिविरों में लंबित रह गए हैं अथवा जिन्हें किसी शासकीय सेवा, प्रमाण-पत्र, स्वीकृति या अन्य प्रशासनिक कार्य के लिए आवेदन करना है, वे निर्धारित तिथियों में आयोजित फॉलोअप शिविरों में पहुंचकर राज्य सरकार की इस विशेष पहल का अधिकतम लाभ उठाएं।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like