उदयपुर। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में देश के प्रतिष्ठित लिवर ट्रांसप्लांट एवं हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी (HPB) सर्जन डॉ. साहिल गुप्ता की इस माह आयोजित विशेष लिवर ट्रांसप्लांट ओपीडी को भी मरीजों का उत्कृष्ट प्रतिसाद मिला। ओपीडी के दौरान 20 से अधिक मरीजों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया। राजस्थान के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से भी मरीजों ने लिवर रोग, लिवर ट्रांसप्लांट, पित्त नली एवं अग्न्याशय से संबंधित जटिल समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह ली।

डॉ. साहिल गुप्ता ने मरीजों की विस्तृत जांच एवं परामर्श के साथ लिवर प्रत्यारोपण की आवश्यकता वाले मामलों का मूल्यांकन किया तथा उन्नत उपचार विकल्पों की जानकारी दी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नियमित मासिक ओपीडी के माध्यम से क्षेत्र के मरीजों को अब विश्वस्तरीय लिवर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञता उदयपुर में ही उपलब्ध होगी, जिससे विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार के लिए उन्हें महानगरों का रुख नहीं करना होगा।
डॉ. साहिल गुप्ता ने उदयपुर के गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट एवं जीआई सर्जनों के साथ संवाद कर गीतांजलि हॉस्पिटल में लिवर ट्रांसप्लांट सेवाओं के विस्तार की योजनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य मरीजों के हित में नियमित विशेषज्ञ परामर्श, उन्नत उपचार एवं विश्वस्तरीय लिवर ट्रांसप्लांट सुविधाएं उदयपुर में ही उपलब्ध कराना है।
गीतांजलि हॉस्पिटल का उद्देश्य विश्वस्तरीय लिवर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञता को उदयपुर एवं दक्षिणी राजस्थान तक पहुंचाकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।