GMCH STORIES

सात माह बाद लौटी मुस्कान, फॉलो-अप शिविर में

( Read 373 Times)

21 Jul 26
Share |
Print This Page
सात माह बाद लौटी मुस्कान, फॉलो-अप शिविर में

       जैसलमेर । राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत आयोजित फॉलो-अप शिविर जरूरतमंदों के लिए वास्तविक राहत का माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में उपखंड भणियाणा की ग्राम पंचायत रातड़िया में आयोजित शिविर में सात माह से बंद सामाजिक सुरक्षा पेंशन से परेशान दिव्यांग सवाईराम पुत्र फूसाराम को मौके पर ही राहत मिली।

      सवाईराम ने शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी भणियाणा गोपीकिशन पालीवाल के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उनकी दिव्यांग पेंशन पिछले सात माह से बंद है, जिससे आजीविका चलाने में गंभीर कठनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

        शिविर में अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच करवाई। विकास अधिकारी भणियाणा हनुमानराम द्वारा जांच में पाया गया कि आय विवरण अपडेट नहीं होने के कारण वार्षिक सत्यापन लंबित था, जिसके चलते पेंशन का भुगतान रुक गया था। इसके बाद शिविर में ही पेंशनर का आय विवरण अपडेट कराया गया एवं ओटीपी के माध्यम से वार्षिक सत्यापन की पूरी प्रक्रिया मौके पर ही संपन्न कर दी गई।

        सत्यापन पूर्ण होते ही सवाईराम की पेंशन पुनः प्रारंभ कर दी गई। शिविर सहायक प्रभारी एवं तहसीलदार भणियाणा दलजीत कुमार आलोरिया एवं विकास अधिकारी हनुमानराम ने उन्हें पेंशन स्वीकृति आदेश (पीपीओ) सौंपा।

      कई महीनों से रुकी पेंशन दोबारा शुरू होने पर सवाईराम के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि शिविर में बिना किसी भागदौड़ के उनकी समस्या का तत्काल समाधान हो गया। उन्होंने राज्य सरकार एवं शिविर में उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आमजन के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like