नई दिल्ली। राजस्थान के विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने दिल्ली प्रवास के दौरान लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल तथा राज्यसभा सांसद श्री मदन राठौड़ से शिष्टाचार मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की।
लोकसभाध्यक्ष श्री ओम बिरला से मुलाकात
श्री देवनानी ने लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला के साथ हुई भेंट के दौरान लोकतांत्रिक परंपराओं, संसदीय गरिमा एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। श्री देवनानी ने श्री बिरला को राजस्थान विधानसभा की प्रगति के प्रतीक स्वरूप संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष नवाचारों के 2 वर्ष ‘राजस्थान विधानसभा की दैनंदिनी’ एवं ‘सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि पुस्तक भेंट कीं।
केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से भेंट
विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान अजमेर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने केन्द्रीय मंत्री से अजमेर में वंदे भारत कोच निर्माण कारखाना स्थापित करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना होगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्री वैष्णव से अजमेर आईटी पार्क के विकास, विस्तार एवं उसमें निवेश को प्रोत्साहित करने हेतु भी मंत्री से सहयोग का अनुरोध किया गया।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल और राज्यसभा सांसद श्री मदन राठौड़ से भेंट
श्री देवनानी ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल और राज्यसभा सांसद श्री मदन राठौड़ से भेंट के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन एवं समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद किया।