जम्मू। गर्मियों की छुट्टियों और तीर्थयात्रा सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल ने यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए 3 प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त 3एसी कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में बड़ी राहत मिलेगी।
जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्रसिंह ने बताया कि अतिरिक्त 3एसी कोच की तिथियां एवं ट्रेन की स्थिति के तहत ट्रेन संख्या 04082 में 30 जून 2026 से 4 अगस्त 2026 तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी का कोच जोड़ा जाएगा। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 12426 में 27 जून 2026 से 3 अगस्त 2026 तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी, ट्रेन संख्या 22402 में 21 जून 2026 से 23 जून 2026 तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी का कोच जोड़ा जाएगा। यात्रियों को होने वाले लाभ के तहत प्रत्येक 3 एसी कोच में लगभग 72 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सकेगा। जिससे लंबी दूरी की यात्रा आरामदायक होगी। समूह-परिवार में यात्रा करने वाले यात्रियों को एक साथ बर्थ मिलने में सुविधा होगी।
इस निर्णय पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। गर्मियों में जम्मू-श्रीनगर व मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी मांग को देखते हुए 04082, 12426 और 22402 ट्रेनों में अस्थायी रूप से 3एसी कोच जोड़े हैं। यह कदम न सिर्फ यात्रियों को आरामदायक सफर देगा, बल्कि प्रतीक्षा सूची के बोझ को भी कम करेगा। हमारा प्रयास है कि हर यात्री को समय पर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिले। यात्रियों से अनुरोध है कि वे आरक्षण कराते समय कोच संख्या व तिथियों की पुष्टि अवश्य कर लें।
जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे द्वारा दी जा रही अतिरिक्त सुविधा का लाभ उठाएं और अनधिकृत यात्रा से बचें। ट्रेनों की लेटेस्ट स्थिति के लिए यात्री 139 हेल्पलाइन या आईआरसीटीसी वैबसाइट ऐप पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।