GMCH STORIES

यात्री का लगभग 21 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी एवं अन्य कीमती सामान आरपीएफ कोटा ने सकुशल लौटाया

( Read 625 Times)

24 Jun 26
Share |
Print This Page

यात्री का लगभग 21 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी एवं अन्य कीमती सामान आरपीएफ कोटा ने सकुशल लौटाया

‘‘ऑपरेशन अमानत’’ के तहत गाड़ी में छूटा ट्रॉली बैग बरामद कर यात्री को किया सुपुर्द
कोटा।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कोटा द्वारा ‘‘ऑपरेशन अमानत’’ के अंतर्गत उत्कृष्ट सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए एक यात्री का लगभग 21 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी एवं अन्य कीमती सामान से भरा ट्रॉली बैग बरामद कर उसे सकुशल यात्री को लौटाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 22976 रामनगर-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कोच ए-1 की सीट संख्या 15 पर लाल कुआं से वडोदरा तक यात्रा कर रहे यात्री श्री अजय प्रकाश पाण्डेय बदायूं स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरे थे। इसी दौरान ट्रेन रवाना हो गई, जिससे उनका एक ट्रॉली बैग, एक पिट्ठू बैग तथा एक झोला गाड़ी में ही छूट गया।
सूचना प्राप्त होते ही आरपीएफ कोटा द्वारा तत्परता से कार्रवाई की गई। ट्रेन के कोटा स्टेशन पहुंचने पर उप निरीक्षक कप्तान सिंह एवं आरक्षक राहुल रघुवंशी ने संबंधित सीट से यात्री का सामान सुरक्षित बरामद कर आरपीएफ पोस्ट कोटा में जमा कराया तथा यात्री को इसकी सूचना दी गई।
यात्री श्री अजय प्रकाश पाण्डेय निवासी वडोदरा (गुजरात) आरपीएफ पोस्ट कोटा पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों के सत्याप, बिलों के मिलान तथा गवाहों की उपस्थिति में उप निरीक्षक सूरज सिंह परमार द्वारा सुपुर्दगीनामे की प्रक्रिया पूर्ण कर सामान यात्री को सौंप दिया गया। बरामद एवं सुपुर्द किए गए सामान में लगभग 80 ग्राम स्वर्ण बुलियन (सिक्के), ढाई किलोग्राम चांदी के बार, एक लैपटॉप एवं चार्जर, 15 जोड़ी साड़ियां तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। बरामद सामान का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 21 लाख रुपये आंका गया है।
रेलवे सुरक्षा बल कोटा की इस त्वरित, संवेदनशील एवं ईमानदार कार्रवाई से यात्री को बड़ी आर्थिक क्षति से बचाया जा सका। यात्री ने अपना बहुमूल्य सामान सुरक्षित प्राप्त होने पर रेलवे सुरक्षा बल का आभार व्यक्त किया।
रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अपने सामान पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की सहायता अथवा शिकायत के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट से संपर्क करें। 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like