GMCH STORIES

संकल्प नशा मुक्ति केन्द्र में कार्यशाला आयोजित

( Read 342 Times)

14 Mar 26
Share |
Print This Page

संकल्प नशा मुक्ति केन्द्र में कार्यशाला आयोजित

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डाॅ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ. अमृता दुहन के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत संकल्प नशा मुक्ति केन्द्र श्रीगंगानगर में नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाते हुए उन्हें आत्मविश्वास, हिम्मत और नई शुरुआत का संदेश दिया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि नशा छोड़ना केवल एक फैसला नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी को दोबारा संवारने की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि नशे से बाहर निकलने के बाद हर व्यक्ति की जिम्मेदारी केवल अपनी जिंदगी बदलना नहीं है, बल्कि उन लोगों को भी इस दलदल से बाहर निकालना है, जो अभी इसमें फंसे हुए हैं।
उन्होंने युवाओं से अनुरोध करते हुए कहा कि जब आप इस दलदल से बाहर निकल जाएंगे तो आपकी जिम्मेदारी बनती है कि अपने जैसे और युवाओं का हाथ पकड़कर उन्हें भी बाहर निकालें, क्योंकि इस लड़ाई को हमें मिलकर लड़ना होगा। उन्होंने उपस्थित युवाओं को यह भी याद दिलाया कि इस दुनिया में हर व्यक्ति किसी न किसी के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि जब कोई आपकी जान की परवाह करता है, तो आपकी भी जिम्मेदारी बनती है कि आप अपनी जिंदगी को बर्बाद होने से बचाएं और अपने परिवार की उम्मीदों को टूटने न दें।
वर्कशॉप के दौरान कुछ युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें नशे की आदत उनके ही दोस्तों ने सिखाई थी। इस पर श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि जो दोस्त आपको नशा सिखाए, वह कभी दोस्त नहीं हो सकता। वह आपकी जिंदगी को बर्बादी की ओर धकेलने वाला दुश्मन है। सच्चा दोस्त वही होता है, जो आपको गलत रास्ते से बचाए, न कि उस रास्ते पर ले जाए।
 संचालक एडवोकेट श्री अजय बगड़िया ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जिंदगी में गलतियां हो सकती हैं, लेकिन उनसे सीखकर आगे बढ़ना ही असली हिम्मत है। काउंसलर बलवान सिंह ने कहा नशा छोड़ने का निर्णय लेने वाले युवा समाज के लिए एक उदाहरण बन सकते हैं और अपने अनुभवों के माध्यम से कई अन्य युवाओं को भी इस बुराई से बचा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में श्री सागर वाधवा, श्री प्रवीण कुमार, उपस्थित युवाओं ने संकल्प लिया कि वे नशे से दूर रहेंगे और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने में अपना योगदान देंगे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like