श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री सुभाष कुमार की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि नहरबंदी के दौरान जल संग्रहण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां नहरों में पानी की कमी की संभावना हो, वहां पूर्व में ही पॉन्डिंग करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को पेयजल संबंधी समस्या न आये। उन्होंने आगामी दिनों में होने वाली एमएसपी खरीद को लेकर सभी एसडीएम अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भौतिक सत्यापन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न राजस्व प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसमें राजस्व प्रकरणों के निस्तारण, लंबित न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति, धारा 251 एवं 251ए के तहत मामलों के निपटान, भू-अधिग्रहण एवं अतिक्रमण से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, नामांतरण एवं बंटवारे के मामलों का शीघ्र निस्तारण, सीमाज्ञान प्रकरणों की प्रगति तथा खातेदारी एवं भूमि अभिलेख संबंधी कार्यों की समीक्षा शामिल रही।
इसके अलावा पंजीयन एवं स्टाम्प से संबंधित राजस्व की प्रगति, न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की स्थिति, उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा किए गए निरीक्षण, ई-फाइलिंग की प्रगति, संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण तथा विभागीय योजनाओं एवं विभिन्न अभियानों की समीक्षा भी की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को गनहाउस के वार्षिक निरीक्षण कर रिपोर्ट भिजवाने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा आमजन से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सतर्कता श्रीमती रीना, एसडीएम श्रीगंगानगर श्री नयन गौतम, एसडीएम सूरतगढ़ श्री भारत जयप्रकाश मीणा, एसडीएम अनूपगढ़ श्री सुरेश राव, एसडीएम पदमपुर श्री अजीत कुमार, एसडीएम रायसिंहनगर श्री सुभाष चंद्र तथा एसडीएम सादुलशहर श्री रवि कुमार सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।