श्रीगंगानगर। राजकीय महाविद्यालय हिन्दुमलकोट में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर महाविद्यालय परिसर में सामाजिक शिल्पकार अंबेडकर विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों एवं उनके सामाजिक योगदान को स्मरण करना था।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने भाषणों के माध्यम से सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने डॉ. अंबेडकर के संघर्षों तथा आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता के परिणामों में गुरंश ने उत्कृष्ट प्रस्तुति के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। नीलम ने प्रभावशाली अभिव्यक्ति के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि साक्षी ने आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में निर्णायकों की भूमिका छात्रा किरणजोत एवं नीलम द्वारा निभाई गई। कार्यक्रम का सह संचालन भूगोल सहायक आचार्य डाॅ. हनुमानप्रसाद आर्य द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ‘संविधान को जानें‘ ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता की भी जानकारी दी गई। यह प्रतियोगिता 12 अप्रैल 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें 25 प्रश्न होंगे तथा समय सीमा 15 मिनट निर्धारित है। विद्यार्थी मोबाइल के माध्यम से आसानी से लॉगिन कर इसमें भाग ले सकते हैं। क्विज पूर्ण करने पर तुरंत परिणाम एवं ई-सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। महाविद्यालय के विद्यार्थियो ने ऑनलाइन भाग लेकर सर्टिफिकेट प्राप्त किए। इसी अवसर पर जलियांवाला बाग कांड के शहीदों को महाविद्यालय छात्र-छात्राओं द्वारा श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।