GMCH STORIES

श्रीगंगानगर में नीट-यूजी परीक्षा 3 मई को

( Read 459 Times)

01 May 26
Share |
Print This Page
श्रीगंगानगर में नीट-यूजी परीक्षा 3 मई को

श्रीगंगानगर। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी-2026 का आयोजन 3 मई 2026 को जिले के 5 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में नकल पर रोक लगाने के लिए कडे़ प्रशासनिक प्रबंध किए जा रहे हैं। इस बार भी परीक्षा का संपूर्ण नियंत्रण सरकारी तंत्र के हाथों में रहेगा।
परीक्षा केन्द्रों की जिम्मेदारी प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग के हाथों में रखी गई है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर आमुखीकरण बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। परीक्षा नोडल अधिकारी श्रीमती रीना छींपा ने बताया कि इस बार परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश और भीड़ जुटना वर्जित रहेगा। परीक्षा के दिन फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानें भी बंद रहेंगी। यह परीक्षा देश भर के 552 और 14 विदेशी शहरों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रवेश पत्र भी एनटीए ने जारी कर दिए हैं।
परीक्षा प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक श्री भूपेश शर्मा ने बताया कि नीट यूजी-2026 के क्रम में परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र और पोस्टकार्ड साईज की फोटो के साथ केंद्र पर 11 बजे केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा जबकि 1.30 बजे गेट बंद कर दिए जायेंगे। परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी। 720 अंकों के इस पेपर में कुल 180 सवाल पूछे जायेंगे, जिसमें से भौतिक व रसायन के 45-45 तथा जीव विज्ञान के 90 प्रश्न शामिल रहेंगे।
विद्यार्थियों को सिर्फ आधी आस्तीन यानी हाफ स्लीव के हल्के कपड़े पहनने की अनुमति है। बडे़ बटन, कढ़ाई या भारी डिजाइन वाले कपड़े पहनकर न जाएं। जूतों पर सख्त पाबंदी है। सिर्फ चप्पल या सैंडल (कम हील वाली) ही पहनें। सेंटर पर घड़ी, मोबाइल, ब्लूटूथ या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर जाना अनुमत नहीं है। ईयररिंग्स, अंगूठी, चेन या किसी भी तरह के गहने न पहनने पर पाबन्दी रहेगी।
इस अवसर पर तहसीलदार श्री मुकुल चैधरी, तहसीलदार निर्वाचन श्री महेंद्र कुमार, विकास अधिकारी श्री भंवर लाल स्वामी, एनटीए सीटी कोऑर्डिनेटर श्री सुशील कुमार, एडीपीसी श्री अरविंदर सिंह तथा सभी केंद्रों के नोडल पुलिस अधिकारी व केंद्र  अधीक्षक, अतिरिक्त केंद्र अधीक्षक तथा पर्यवेक्षक मौजूद रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like