GMCH STORIES

वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियानः विद्यार्थियों ने चित्रों, नारों और निबंधों के माध्यम से दिया जल संरक्षण का संदेश

( Read 724 Times)

04 Jun 26
Share |
Print This Page
वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियानः विद्यार्थियों ने चित्रों, नारों और निबंधों के माध्यम से दिया जल संरक्षण का संदेश

श्रीगंगानगर। वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान एवं गंग नहर शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को हिंदुस्तान स्काउट एन्ड गाइड्स राजस्थान राज्य के हॉल में चित्रकला, निबंध एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा गंग नहर के ऐतिहासिक महत्व को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों, प्रभावशाली नारों और विचारोत्तेजक निबंधों के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने गंग नहर को क्षेत्र की जीवनरेखा बताते हुए इसके संरक्षण और जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जल की प्रत्येक बूंद के महत्व, वर्षा जल संचयन, स्वच्छ नदियों और हरित पर्यावरण को रंगों के माध्यम से साकार किया। वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में ‘जल है तो कल है’, ‘पानी बचाओ, भविष्य बचाओ’ जैसे संदेशों के जरिए आमजन को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गंग नहर के इतिहास, क्षेत्र की कृषि एवं आर्थिक समृद्धि में इसके योगदान तथा भावी पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण की अनिवार्यता पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का व्यापक अभियान है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से जल संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि जल बचाने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
जल संसाधन विभाग की एईएन श्रीमती आरजू ने बताया कि गंगनहर शताब्दी समारोह के तहत कृषि उपज मंडी समितियों में संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिले के समस्त विद्यालयों में गंगनहर शताब्दी समारोह की थीम पर आधारित निबंध, कविता, स्लोगन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा संबंधित विभागों के माध्यम से प्रतिमाह दौड़, साईकिल रैली, मैराथन, पौधारोपण, साफ-सफाई, रक्तदान सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा किसानों की सहभागिता के साथ मेला आयोजन, प्रदर्शनी, गोष्ठी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगामी समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में शिक्षकों, विभागीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में एडीईओ श्री अशोक वधवा, श्री जय देव भुंवाल, श्रीमती परमजीत कौर, श्री सीओ स्काउट श्री संदीप मांझू, श्रीमती मीनू रानी सहित अन्य उपस्थित रहे। गौरतलब है कि गंग नहर शताब्दी समारोह एवं वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करना तथा गंग नहर की ऐतिहासिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ना है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like