उदयपुर। आगामी 20 अप्रैल को आखातीज के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर मेघवाल समाज उपरला गिर्वा, मेघवाल समाज सुधार एवं जीर्णोद्धार समिति तथा मेघवाल समाज विकास युवा संगठन की संयुक्त बैठक ढिकली स्थित बाबा रामदेवजी मंदिर में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मेघवाल समाज उपरला गिर्वा के अध्यक्ष गणेश लाल मेघवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मेघवाल समाज सुधार एवं जीर्णोद्धार समिति के अध्यक्ष रामलाल मेघवाल (मनवाखेड़ा) तथा मेघवाल समाज विकास युवा संगठन के सोहन मेघवाल (देवड़ों का खेड़ा) उपस्थित रहे। बैठक में उपरला एवं निचला गिर्वा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के मौतबीर, पंच-मुखिया और युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
5 जोड़ों का पंजीकरण, तैयारियां तेज
बैठक में 20 अप्रैल को उदयपुर में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह को सफल बनाने हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। आयोजकों ने बताया कि अब तक 5 जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है।
पंजीकरण के तहत वर पक्ष से ₹31,000 एवं वधु पक्ष से ₹25,000 की राशि निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त विवाह समिति की ओर से वधु को उपहार स्वरूप ‘डायचा’ प्रदान किया जाएगा।
युवाओं ने किया स्वागत
बैठक में समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। उपरला गिर्वा मेघवाल समाज युवा संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों एवं अतिथियों का स्वागत सम्मान किया गया।
22 फरवरी को अगली बैठक
मेघवाल समाज की झामेश्वर महादेव में चल रहे धर्मशाला के जीर्णोद्धार कार्य के संबंध में 22 फरवरी, रविवार को पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सामूहिक विवाह के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा।
मेवल, छप्पन, गिर्वा, मेवाड़, सड़क लाइन सहित जिले भर के मेघवाल समाज के समाजजनों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में धर्मशाला जीर्णोद्धार कार्य का आय-व्यय लेखाजोखा भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर समाज में उत्साह का वातावरण है तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।