GMCH STORIES

पर्यटन विभाग द्वारा 3 दिवसीय मेवाड़ महोत्सव का आयोजन 21 मार्च से

( Read 351 Times)

11 Mar 26
Share |
Print This Page
पर्यटन विभाग द्वारा 3 दिवसीय मेवाड़ महोत्सव का आयोजन 21 मार्च से

उदयपुर। पर्यटन विभाग द्वारा आगामी 21 मार्च से 23 मार्च तक आयोजित होने वाले मेवाड़ महोत्सव की तैयारी एवं आयोजन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में जिला कलेक्टर नमित मेहता ने निर्देशन में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीएम ओझा ने आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों, होटल्स एवं अन्य संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महोत्सव को इस वर्ष भी सफल रूप से आयोजित करने हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
एडीएम ने आयोजन से जुड़ें स्थलों यथा जगदीश चौक एवं गणगौर घाट पर सफाई, पेयजल व्यवस्था, आकर्षक रोशनी, गोताखोर की व्यवस्था, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं दोनों दिन उदियापोल, सूरजपोल, देहली गेट, चेतक सर्किल, एवं सुखाड़िया सर्किल पर रोशनी व्यवस्था व फव्वारे चालू रखने, पुलिस विभाग को आयोजन स्थल पर महिला कांस्टेबल समेत आवश्यक जाब्ते की तैनाती, कानून व्यवस्था, पुलिस बैंड की व्यवस्था व ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं एवीवीएनएल को संबंधित क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने, सार्वजनिक निर्माण विभाग को निःशुल्क बेरीकेटिंग उपलब्ध कराने व पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से बागोर की हवेली पर रोशनी व्यवस्था व विशिष्ट अतिथियों व विदेशी पर्यटकों के लिए बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने समेत प्रतिवर्ष की भांति अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किये। साथ ही महोत्सव के तहत गोगुन्दा में आयोजित होने वाले मेले के संबंध में भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश स्थानीय सरपंच और वीडिओ की दिए गए। बैठक में बैठक में नगर निगम उपायुक्त दिनेश मंडोवरा, ट्रैफिक डीएसपी अशोक आंजना, पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना समेत आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न होटल्स प्रतिनिधि मौजूद रहे।

गणगौर सवारी, आतिशबाजी, सांस्कृतिक संध्या होगी प्रमुख आकर्षण
उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना ने बताया कि मेवाड़ महोत्सव के दौरान 21 मार्च को सायं 4 से 6 बजे तक शहर में विभिन्न समाजों की गणगौर सवारी गणगौर घाट पहुंचेंगी। 6 से 7 बजे तक बंशी घाट से गणगौर घाट तक शाही गणगौर की सवारी प्रमुख आकर्षण का केन्द्र होगी। वहीं शाम को सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी का आयोजन होगा। 22 मार्च को सायं 7 बजे गणगौर घाट पर सांस्कृतिक संध्या व विदेशी युगल के लिए राजस्थानी पोशाक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वहीं 21 से 23 मार्च गोगुन्दा में ग्रामीण हाट बाजार के साथ सांस्कृतिक संध्या व आतिशबाजी का आयोजन होगा। महोत्सव के दौरान विशेष सजावट, आतिशबाजी, सांस्कृतिक संध्या, शाही गणगौर की सवारी, विदेशी युगल प्रतियोगिता, रोशनी व्यवस्था आदि आकर्षण होंगे।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like