उदयपुर। निर्माण, रियल एस्टेट और बिल्डिंग मैटेरियल सेक्टर की आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय ‘इंडिया बिल्ड एक्सपो-2026’ का आयोजन उदयपुर में किया जा रहा है। यह भव्य एक्सपो 27 से 29 मार्च तक फील्ड क्लब उदयपुर में आयोजित होगा, जिसमें देशभर की प्रमुख कंपनियां और उद्योगपति भाग लेंगे।
यह आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME), भारत सरकार तथा फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसका मैनेजमेंट यति ग्रुप द्वारा किया जा रहा है एक्सपो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आमजन और उद्योग जगत के लिए खुला रहेगा।
फोर्टी ब्रांचेज के चेयरमैन प्रवीण सुथार ने बताया कि एक्सपो का मुख्य आकर्षण स्टॉल बुकिंग पर लगभग 90 प्रतिशत तक की सब्सिडी है, जो सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की ओर से एक्सहिबिटर्स को दी जा रही है। इससे स्थानीय उद्यमियों, स्टार्टअप्स और उद्योगों को अपने उत्पादों और सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।
एक ही स्थान पर मिलेगा पूरा कंस्ट्रक्शन इकोसिस्टम
प्रदर्शनी में भवन निर्माण, रियल एस्टेट, इंटीरियर-एक्सटीरियर डिजाइन, आर्किटेक्चर, बिल्डिंग मैटेरियल और निर्माण मशीनरी से जुड़ी प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। दो विशाल एयर-कंडीशनर डोम में 125 से अधिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जहां आगंतुकों को आधुनिक निर्माण तकनीकों, नए बिल्डिंग मैटेरियल और डिजाइन ट्रेंड्स का सजीव प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
इसके अलावा विभिन्न वित्तीय संस्थान और सरकारी विभाग भी एक्सपो में भाग लेंगे, जिससे बिल्डर्स, उद्यमियों और आम नागरिकों को लोन, निवेश और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी।
भव्य अवार्ड समारोह और विजिटर्स के लिए लकी ड्रॉ
फोर्टी उपाध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल ने बताया कि एक्सपो के दूसरे दिन 28 मार्च को एक भव्य अवार्ड समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें बेस्ट बिजनेसमैन, श्रेष्ठ बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स और इनोवेटिव प्रोडक्ट की श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एक्सपो को आम जनता के लिए भी आकर्षक बनाने के लिए विशेष लकी ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियां तेज
इस वृहद आयोजन की तैयारियों को लेकर फोर्टी पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक जांगिड़ ब्रदर्स में आयोजित की गई। बैठक में फोर्टी उपाध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष आनंद शर्मा, एग्जीक्यूटिव मेंबर निर्मल शर्मा, विष्णु जांगिड़, भानु प्रकाश जांगिड़, कौशानी शर्मा, धीरज चौबीसा और जागृत श्रीमाली सहित यति ग्रुप की डायरेक्टर विधि शर्मा और तपन शर्मा उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों के अनुसार, इस एक्सपो में राजस्थान के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी और विजिटर्स के पहुंचने की संभावना है।