GMCH STORIES

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने किया खेरवाड़ा ब्लॉक का निरीक्षण

( Read 1113 Times)

13 Mar 26
Share |
Print This Page
केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने किया खेरवाड़ा ब्लॉक का निरीक्षण

उदयपुर। भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा चलाए जा रहे आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के निदेशक तथा नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी सुभाष चन्द्र करोल ने खेरवाड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जवास में कार्यक्रम के तहत संचालित सम्पूर्णता अभियान 2.0 का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रीया डाबी, उपखण्ड अधिकारी जय सिंह, मुख्य आयोजना अधिकारी महावीर प्रसाद, विकास अधिकारी मदन लौहार सहित नीति आयोग के डीपीएमसी गौरव द्विवेदी, आशान्वित ब्लॉक फेलो राहुल भोई तथा विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं फ्रंटलाइन वर्कर उपस्थित रहे।

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी सुभाष चन्द्र करोल ने बैठक के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स से संवाद कर अभियान के क्रियान्वयन के दौरान आ रही चुनौतियों और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के समन्वित प्रयासों से आकांक्षी क्षेत्रों के समग्र विकास को गति मिलती है।

ग्राम पंचायत जवास में किया निरीक्षण
बैठक के पश्चात केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने ब्लॉक खेरवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत जवास स्थित आंगनवाड़ी केंद्र तथा बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दी जा रही पोषण सेवाओं, शिक्षण गतिविधियों तथा आधारभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने राजीविका की सखियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उसकी सराहना की। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीसीएमओ खेरवाड़ा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अनिल गोयल ने केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा सुविधाओं तथा मानव संसाधन की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने अस्पताल में केएमसी वार्ड, लेबर रूम तथा ऑपरेशन थिएटर का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थान में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया, हालांकि अस्पताल भवन की मरम्मत की आवश्यकता की ओर भी ध्यान आकर्षित किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like