उदयपुर। राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना जिला कलक्टर की पहल पर आयोजित ब्लॉक स्तरीय टेलेन्ट सर्च के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों के लिए महाराणा प्रताप खेलगांव में चल रहे 15 दिवसीय तैराकी प्रशिक्षण शिविर के चतुर्थ दिवस पर प्रतिभागी तैराकों को तकनीकी कौशल के साथ-साथ सैद्धांतिक ज्ञान से भी समृद्ध किया गया।
जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल ने बताया कि शिविर में प्रशिक्षक रणवीर सिंह राणावत, संदीप सोनी, धर्मवीर सिंह राणावत, अनिल कुमावत, सुनील कुमावत, सुनील नकवाल द्वारा तैराकों को फ्री स्टाइल की आर्म एक्शन, किकिंग, ब्रीदिंग, फ्लोटिंग एवं स्टार्ट तकनीक का क्रमबद्ध अभ्यास करवाया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक तैराक की व्यक्तिगत त्रुटियों का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए सुधारात्मक निर्देश प्रदान किए गए, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया।
शिविर के अंतर्गत आयोजित सैद्धांतिक कक्षा में रणवीर सिंह राणावत ने तैराकों को तैराकी की विभिन्न प्रतियोगिताओं की संरचना, नियम एवं प्रतिस्पर्धात्मक स्तरों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही, तैराकी खेल में उपलब्ध करियर संभावनाओं, खेलों के माध्यम से भविष्य निर्माण के अवसरों तथा राजस्थान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न खेल योजनाओं एवं छात्रवृत्तियों के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य केवल तैराकी कौशल विकसित करना ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को खेल के प्रति दीर्घकालिक दृष्टिकोण प्रदान करना भी है। प्रतिभागी तैराकों में निरंतर उत्साह एवं अनुशासन देखा जा रहा है, जो इस पहल की सफलता का संकेत है। उल्लेखनीय है कि पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत उदयपुर जिले में तैराकी को विशेष खेल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को निखार कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु तैयार किया जा रहा है।