GMCH STORIES

खिताबी रक्षा के लिए राजस्थान लेक्रोज टीम हिमाचल रवाना

( Read 427 Times)

08 May 26
Share |
Print This Page

खिताबी रक्षा के लिए राजस्थान लेक्रोज टीम हिमाचल रवाना

उदयपुर। लेक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं हिमाचल प्रदेश लेक्रोज संघ के संयुक्त तत्वावधान में हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर, मंडी में 10 से 12 मई तक आयोजित होने जा रही ओलंपिक खेल लेक्रोज की तृतीय राष्ट्रीय फेडरेशन कप प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु राजस्थान लेक्रोज टीम शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हुई।
महाराणा प्रताप खेल गांव, चित्रकूट नगर में राजस्थान लेक्रोज संघ एवं जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय गहन प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने खिलाडीयों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा टीम को प्रतियोगिता के लिए रवाना किया।
राजस्थान टीम राजस्थान लेक्रोज संघ के सीईओ सज्जाद खान एवं प्रशिक्षक नीरज बत्रा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। पुरुष वर्ग की टीम की कप्तानी मोहनलाल गमेती तथा महिला वर्ग की टीम की कप्तानी सुनीता मीणा कर रही हैं। टीम में उदयपुर संभाग के जनजातीय क्षेत्रों से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिन्होंने पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम गौरवान्वित किया है।
राजस्थान टीम को राजस्थान माइन्स एंड मिनरल्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित किया गया है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान टीम ने पिछली दोनों फेडरेशन कप प्रतियोगिताओं में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। इसी उपलब्धि को दोहराने और खिताब बरकरार रखने के उद्देश्य से टीम इस बार भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी।
राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी, संघ की संपूर्ण कार्यकारिणी, अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि टीम एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगी।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like