GMCH STORIES

गोवर्धन सागर पाल पर हुआ सामूहिक योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास

( Read 630 Times)

18 May 26
Share |
Print This Page

गोवर्धन सागर पाल पर हुआ सामूहिक योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास

50 दिवसीय योग काउंटडाउन के तहत बड़ी संख्या में योग साधकों ने किया सहभाग, अमृत धारा वितरण अभियान का हुआ शुभारंभ

उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार प्रातः उदयपुर के प्रमुख प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थल गोवर्धन सागर पाल पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल पूर्वाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमियों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता की।

यह आयोजन जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग, पतंजलि योग समिति, पाहेर विश्वविद्यालय, विप्र फाउंडेशन, सुकृपा फाउंडेशन, ओसवाल युवक परिषद, अर्थ डायग्नोसिस, ऐश्वर्या कॉलेज ऑफ एजुकेशन, स्वास्थ्य सेतु सीए सर्किल, गोवर्धन सागर मॉर्निंग ग्रुप, आरोग्य विहार धाम, आहुति सेवा संस्थान एवं इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स सिक्योरिटी ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग निद्रा का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योग की सही विधि एवं उसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। शांत एवं प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस योग कार्यक्रम ने उपस्थित नागरिकों को स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया।

सहायक निदेशक भानु कुमार जैन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से जिलेभर में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर योग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है तथा नियमित योग अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।

योग समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारी वैद्य शोभालाल औदीच्य ने बताया कि योग को जन-जन तक पहुंचाने एवं दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन सागर पाल जैसे प्राकृतिक स्थल पर योग अभ्यास से लोगों में मानसिक शांति एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

निःशुल्क अमृत धारा वितरण अभियान का हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान बढ़ती गर्मी एवं लू से बचाव हेतु आमजन को आयुर्वेदिक औषधि “अमृत धारा” का निःशुल्क वितरण प्रारंभ किया गया। उपस्थित नागरिकों को गर्मी, उल्टी, दस्त एवं पेट संबंधी समस्याओं से बचाव हेतु आयुर्वेदिक उपायों की जानकारी दी गई।

वैद्य शोभालाल औदीच्य ने बताया कि आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके अतिरिक्त राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय सिंधी बाजार में औषधालय समय के दौरान भी निःशुल्क अमृत धारा वितरण किया जाएगा ताकि अधिकाधिक नागरिक इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में उल्लेखनीय सहभागिता

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से योगी अशोक जैन, पूरण सिंह राठौड़, मनोहर सिंह राठौड़, सरला जोशी, मैना जैन, प्रशांत व्यास, डॉ बाबूलाल जैन, डॉ सुहास अग्रवाल, डॉ पुष्कर लाल चौबीसा, डॉ रचना मित्तल, डॉ आकांक्षा शर्मा, डॉ विक्रम खराड़ी, डॉ संजय माहेश्वरी, प्रणव माहेश्वरी, डॉ अजेय सोनी, एच. पी. जिंदल, कैलाश राजपुरोहित, डॉ शुभा सुराणा, हितेश चौबीसा, प्रदेश समन्वयक मुख्तार कुरेशी, प्रदेश महासचिव लोकेश पांचोली, जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह चूण्डावत, जोनल कोषाध्यक्ष दिनेश मेनारिया एवं उदयपुर जिला महासचिव राकेश सिंह पंवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं योग साधक सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like