GMCH STORIES

जिला कलक्टर पहुंचे हिरण मगरी सेटेलाइट अस्पताल, स्वास्थ्य सेवाओं की टटोली नब्ज

( Read 316 Times)

08 Jun 26
Share |
Print This Page
जिला कलक्टर पहुंचे हिरण मगरी सेटेलाइट अस्पताल, स्वास्थ्य सेवाओं की टटोली नब्ज

उदयपुर। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने सोमवार को  खेमराज कटारा राजकीय सेटेलाइट अस्पताल हिरण मगरी का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, दवा वितरण केंद्र तथा अन्य विभागों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर अग्रवाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, दवा उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अस्पताल की उपस्थिति पंजिका एवं बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था की भी जांच की तथा कार्मिकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यकता अनुसार चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी प्रदान किए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल जैन एवं डॉ नरेंद्र देवल के साथ अस्पताल की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अस्पताल परिसर के विस्तार की संभावनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में बढ़ती स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल का समुचित विकास किया जा सके।

कलेक्टर अग्रवाल ने बताया कि हाल ही डीएमएफटी की शासी परिषद की बैठक में सेटेलाइट अस्पताल हिरण मगरी के लिए नवीन सीटी स्कैन मशीन स्वीकृत की जा चुकी है। यह मशीन शीघ्र ही अस्पताल में स्थापित की जाएगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को उन्नत जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like