GMCH STORIES

राजस्थान विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की नई दिल्ली में उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट

( Read 966 Times)

06 Jun 26
Share |
Print This Page
राजस्थान विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की नई दिल्ली में उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट

नई दिल्ली/जयपुर ।राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को नई दिल्ली में उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से शिष्टाचार भेंट की । विधानसभाध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी शनिवार को ही उत्तराखण्ड की पाँच दिवसीय चार धाम की यात्रा से नई दिल्ली लौटे हैं ।

उप राष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से भेंट के दौरान विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने उन्हें राजस्थान विधानसभा के 75 वें वर्ष के अमृत महोत्सव में आयोजित किए जा रहे समारोह के लिए आमंत्रित किया जिसे दोनों ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने उन्हें बताया कि अमृत महोत्सव के दौरान इस वर्ष जुलाई से अगले वर्ष मार्च में राजस्थान दिवस तक चार बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसमें अखिल भारतीय विधायी महाकुम्भ, देश भर की महिला विधायकों का सम्मेलन,युवाओं को संसदीय शिष्टाचार से जोड़ने का कार्यक्रम तथा पूर्व एवं वर्तमान विधायकों का सम्मेलन और सम्मान समारोह के साथ ही संविधान विशेषज्ञों के विशेष सत्र आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।

विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने उप राष्ट्रपति और लोकसभा स्पीकर के साथ राजस्थान विधानसभा की 75 वर्ष की गौरव शाली यात्रा के साथ ही पिछलें दो वर्षों में राज्य विधानसभा में किए गए कई नवाचारों की जानकारी भी विस्तार से सांझा की । उन्होंने बताया कि राजस्थान विधानसभा को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु और अटल बिहारी वाजपेयी सहित देश के कई शीर्ष नेताओं ने संबोधित किया है।
श्री देवनानी ने बताया कि विधानसभा के गठन के बाद पहली बार विधानसभा के सभी द्वारों के नए नाम और विधानसभा का अपना एक प्रतीक चिह्न (लोगो) जारी किया गया है। इस लोगो की विशेषता यह है कि इसमें अशोक चिह्न और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा सहित राज्य विधानसभा के भव्य भवन की कृति के साथ ही राजस्थान के राज्य पशु ऊँट, राज्य पक्षी गोडावण और राज्य वृक्ष खेजड़ी तथा संस्कृत के ध्येय वाक्य “राष्ट्राय धर्मनिष्ठा विधायिका“ के नीचे धान की बाली जैसी कलाकृति उँकेरी गई है । विधानसभाध्यक्ष श्री देवनानी ने उन्हें राजस्थान विधानसभा के प्रतीक चिह्न (लोगो) की तस्वीर भी भेंट की।

भेंट के दौरान श्री देवनानी ने उपराष्ट्रपति एवं लोकसभा स्पीकर के साथ देश - प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। साथ ही अपनी ताजा उत्तराखंड यात्रा के संस्मरण सुनायें और उन्हें यमुनोत्री, गंगौत्री, अमर नाथ और बद्रीनाथ मंदिर का प्रसाद भी भेंट किया ।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like