GMCH STORIES

विश्व सिकल सेल दिवस 2026ः दोहराया ‘सिकल सेल मुक्त भारत’ का संकल्प

( Read 409 Times)

19 Jun 26
Share |
Print This Page

विश्व सिकल सेल दिवस 2026ः दोहराया ‘सिकल सेल मुक्त भारत’ का संकल्प

उदयपुर। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज और महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय द्वारा शुक्रवार को भव्य जागरूकता एवं शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इस वर्ष की वैश्विक थीम ‘क्लोजिंग द सर्वाइवल गैप- इक्विटी इन सिकल सेल केयर’ के माध्यम से मरीजों को बेहतर और समान स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के जनजातीय क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री, श्री बाबूलाल खराड़ी उपस्थित थे। साथ ही, संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी  और रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक, डॉ. राहुल जैन ने बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय के अधीक्षक और ‘सेंटर ऑफ कॉम्पिटेंस’ के नोडल ऑफिसर, डॉ. आर. एल. सुमन ने की।
संस्थान की अभूतपूर्व उपलब्धियां
कार्यक्रम के दौरान सेंटर ऑफ कॉम्पिटेंस फॉर सिकल सेल डिजीज की महत्वपूर्ण उपलब्धियां साझा की गई जिसमें केंद्र ने 32,000 नवजात शिशुओं की स्क्रीनिंग कर 621 पॉजिटिव मामलों की समय पर पहचान की है। केंद्र द्वारा 8,500 गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 500 वाहक चिन्हित किए गए। इसके अलावा बीमारी के सटीक प्रबंधन हेतु अब तक 1,107 स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक, डॉ. राहुल जैन ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान प्रत्येक मरीज को बिना किसी भेदभाव के निःशुल्क एवं कैशलेस आधुनिक उपचार देने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के लक्ष्यों को समय से पहले हासिल करना हमारा मुख्य लक्ष्य है।
महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आर. एल. सुमन ने बताया कि अस्पताल में ओपीडी, आईपीडी, अत्याधुनिक जांचें और परामर्श की संपूर्ण व्यवस्था एक ही छत के नीचे सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित सेमिनार में सिकल सेल के मरीजों और उनके परिजनों को बीमारी के प्रबंधन और बचाव के प्रति संवेदनशील बनाने पर विशेष जोर दिया गया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like