GMCH STORIES

प्रयाग सेवा संस्थान के नशा मुक्ति जागरूकता पोस्टर का केबिनेट मंत्री गहलोत ने किया विमोचन

( Read 564 Times)

19 Jun 26
Share |
Print This Page
प्रयाग सेवा संस्थान के नशा मुक्ति जागरूकता पोस्टर का केबिनेट मंत्री गहलोत ने किया विमोचन

उदयपुर। प्रदेश में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और उसके दुष्प्रभावों को देखते हुए नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रयाग सेवा संस्थान नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र द्वारा तैयार किए गए विशेष जागरूकता पोस्टर (बैनर) का शुक्रवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के केबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने विमोचन किया।
प्रयाग सेवा संस्थान नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र पिछले कई वर्षों से ष्नया भारत, नशा मुक्त भारत का संदेश देकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में संस्थान ने नशा रूपी बीमारी के लक्षण, दुष्परिणाम, रोकथाम एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी से युक्त पोस्टर तैयार किए हैं। इन पोस्टरों को सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों, पुलिस थानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंच सके और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़े।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जन-जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है और इसके लिए समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशा मुक्ति के लिए प्रतिबद्ध है और पुनर्वास एवं जागरूकता से जुड़े प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।
मंत्री गहलोत ने प्रयाग सेवा संस्थान द्वारा वर्षों से किए जा रहे नशा मुक्ति एवं पुनर्वास संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण में सहभागी जीवन अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रयाग सेवा संस्थान के संस्थापक रुद्र प्रताप सिंह राठौड़ एवं कार्यकर्ताओं ने केबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, उदयपुर के अधिकारी गिरिश भटनागर का अभिनंदन एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक रुद्र प्रताप सिंह राठौड़, संस्थान प्रभारी मुकेश गर्ग, स्टाफ सदस्य शाहिद हुसैन, जगदीश कुमावत सहित संस्थान के अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like