GMCH STORIES

निर्यात शुरु करने हेतु वर्तमान समय सर्वोत्तम: अजीत शाह

( Read 529 Times)

19 Jun 26
Share |
Print This Page
निर्यात शुरु करने हेतु वर्तमान समय सर्वोत्तम: अजीत शाह

उदयपुर। उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा आज दिनांक 19 जून 2026 को प्रातः 11.00 बजे यूसीसीआई स्थित पायरोटेक टेम्पसेन्स हॉल में “वर्तमान परिपेक्ष्य में आयात - निर्यात व्यवसाय में अवसर एवं चुनौतियां“ विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के विषय विशेषज्ञ मुंबई के प्रसिद्ध एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट सलाहकार श्री अजीत शाह थे। कार्यक्रम में निर्यात-आयात व्यवसाय से जुड़े 40 से अधिक उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यूसीसीआई के अध्यक्ष श्री संदीप बापना द्वारा विषय विशेषज्ञ एवं उपस्थित प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुआ। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम का समन्वय यूसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष श्री विनोद कुमट द्वारा किया गया है। मानद महासचिव श्री आशीष छाबड़ा ने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय किया।
तकनीकी सत्र के दौरान श्री अजीत शाह ने निर्यात-आयात व्यवसाय पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निर्यात व्यवसाय अवसरों से परिपूर्ण है क्योंकि विश्व स्तर पर भारत की छवि अत्यंत सकारात्मक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अन्य देशों की तुलना में भारत पर अमेरिका - ईरान युद्ध के नकारात्मक प्रभाव अपेक्षाकृत कम पड़े हैं तथा निर्यात व्यवसाय प्रारंभ करने का सबसे उपयुक्त समय अभी है।

श्री शाह ने निर्यात व्यवसाय में सफलता के लिए निम्न प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया:
- निर्यात व्यवसाय में सफलता के लिए अधिक वॉल्यूम (मात्रा) अत्यंत महत्वपूर्ण है।
- समय पर माल की आपूर्ति निर्यात व्यवसाय की सफलता की कुंजी है।
- निर्यातकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी सर्वोत्तम कीमत अन्य निर्यातकों की सर्वोत्तम कीमत से अधिक प्रतिस्पर्धी हो।
- जिन देशों के साथ भारत का मुक्त व्यापार समझौता है, वहां निर्यात हेतु प्रिफरेंशियल सर्टिफिकेट ऑफ ओरिजिन आवश्यक है।
- भारत सरकार निर्यात प्रोत्साहन हेतु अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ निर्यातकों को अवश्य उठाना चाहिए।
- विदेशी प्रदर्शनियों में भागीदारी के लिए होने वाले व्यय का लगभग 80 प्रतिशत तक प्रतिपूर्ति भारत सरकार द्वारा की जाती है।

उन्होंने अमेरिका - ईरान युद्ध की समाप्ति के बाद उत्पन्न होने वाले निर्यात अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने निर्यात-आयात व्यवसाय से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं एवं समस्याएं रखीं, जिनका श्री शाह ने विस्तारपूर्वक समाधान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में यूसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अंशुल मोगरा, उपाध्यक्ष श्री कपिल सुराणा, श्री प्रकाशचन्द्र बोलिया, श्री दिनेशचन्द्र झंवर, श्री शैलेश जैन, डाॅ. अंशु कोठारी सहित अनेक सदस्य उद्यमियों ने भाग लिया।
अंत में उपाध्यक्ष श्री कपिल सुराणा ने सभी प्रतिभागियों एवं विषय विशेषज्ञ का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like