राजसमंद। मंसूरी समाज सोसाइटी, राजसमंद द्वारा आयोजित मंसूरी विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह में मंसूरी एजुकेशनल एंड वेल्फेयर सोसाइटी, उदयपुर के पदाधिकारियों ने सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
सोसाइटी के आमंत्रण पर उदयपुर से अध्यक्ष अब्दुल लतीफ मंसूरी, सचिव ज़ाहिद मोहम्मद मंसूरी, कोषाध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ मंसूरी, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद इशाक मंसूरी एवं मुन्शी मोहम्मद मंसूरी समारोह में शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 19 विद्यार्थियों (9 छात्र एवं 10 छात्राओं) को प्रमाण-पत्र, स्मृति-चिन्ह तथा नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंसूरी समाज सोसाइटी, राजसमंद की ओर से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 11,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 5,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 2,100 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त समाजसेवी हामिद मंसूरी ने प्रत्येक सम्मानित विद्यार्थी को 2,100 रुपये, शौकत हुसैन (व्याख्याता, रेलमगरा) ने 1,000 रुपये तथा अल्लाउद्दीन मंसूरी (कुंवारिया) ने भी प्रत्येक विद्यार्थी को 1,000 रुपये का नकद पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में सरपरस्त हाजी इकबाल मंसूरी, अध्यक्ष उस्मान मंसूरी, सचिव अब्दुल रहीम मंसूरी सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राजनगर, कुंवारिया, कांकरोली, राजसमंद तथा आसपास के गांवों से आए अतिथियों का स्वागत किया। वहीं मंसूरी एजुकेशनल एंड वेल्फेयर सोसाइटी, उदयपुर के प्रतिनिधियों ने राजसमंद सोसाइटी के सरपरस्त, अध्यक्ष, नायब सदर, सचिव एवं अन्य प्रमुख पदाधिकारियों सहित कुल 16 पदाधिकारियों का सम्मान किया।
अपने संबोधन में सरपरस्त हाजी इकबाल मंसूरी, सचिव ज़ाहिद मोहम्मद मंसूरी तथा अब्दुल रहीम मंसूरी ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके द्वारा व्यक्ति बेहतर संस्कार, रोजगार, व्यापार और सामाजिक प्रगति हासिल कर समाज एवं देश का नाम रोशन कर सकता है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह के उपरांत मंसूरी समाज सोसाइटी, राजसमंद द्वारा सभी अतिथियों के लिए स्नेहभोज की व्यवस्था भी की गई।
सोसाइटी के सचिव ने समाज के सभी सदस्यों से अपील की कि वे मंसूरी समाज के संगठनों को तन, मन और धन से सहयोग प्रदान करें, ताकि शिक्षा, सामाजिक उत्थान एवं समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।