उदयपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व परंपरागत गरिमा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया जाए।एडीएम सिटी ने विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों एवं तैयारियों की विभागवार समीक्षा की तथा निर्धारित डेडलाइन का सटीक रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं और विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूरी करें।उन्होंने विशेष रूप से स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परेड एवं अन्य कार्यक्रमों का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप चल रहे पूर्वाभ्यास की जानकारी लेते हुए मुख्य समारोह के दौरान कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।एडीएम सिटी ने समारोह स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था, सजावट, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी स्तर पर शेष कार्य को तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह, नगर निगम उपायुक्त नरेश सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।प्रशासन और मीडिया के बीच होगा मैत्री वॉलीबॉल मैचएडीएम ओझा ने प्रशासन की टीम एवं मीडिया टीम के बीच होने वाले मैत्री मैच के बारे में जानकारी देते हुए बड़गांव तहसीलदार हितेश त्रिवेदी, खेल अधिकारी महेश पालीवाल और विक्रम सिंह को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।