GMCH STORIES

विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, गति एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें अधिकारी - जिला कलक्टर

( Read 233 Times)

05 Aug 26
Share |
Print This Page
विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, गति एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें अधिकारी - जिला कलक्टर

          जैसलमेर। राज्य सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने के उद्देश्य से जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलक्टर सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

         बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति, मुख्यमंत्री थार योजना के तहत संचालित कार्यों की वर्तमान स्थिति, आशान्वित जिला एवं आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रमुख संकेतकों की उपलब्धियों, आशान्वित जिला यूनाइटेड फण्ड से संचालित कार्यों तथा गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना के तहत सम ब्लॉक के विकास संकेतकों एवं विभागवार उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

       समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर जोरवाल ने विभागवार प्रगति का आंकलन करते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक योजना के निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जिन संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर परिणामोन्मुखी प्रयास किए जाएं ताकि निर्धारित अवधि में लक्ष्य प्राप्त किए जा सकें।

      उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा योजनाओं का केवल क्रियान्वयन नहीं, बल्कि उनके माध्यम से आमजन के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाना है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।

       जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों एवं प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए। योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड स्तर पर प्रभावी अनुश्रवण तथा नवाचार आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर जिले के विकास संकेतकों में निरंतर सुधार लाने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी प्रगति का सतत मूल्यांकन करे एवं निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करे।

         उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें, ताकि जिले के विकास को नई गति मिल सके और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंच सके।

         बैठक में योजनाओं की प्रगति, विभागवार उपलब्धियों, लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की सतत समीक्षा करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले संकेतकों को बनाए रखें एवं अपेक्षाकृत कमजोर क्षेत्रों में विशेष रणनीति के साथ कार्य करें।

        बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, लेखाधिकारी देरावर सिंह, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, आयुक्त नगर परिषद लजपाल सिंह सोढ़ा, उप निदेशक सांख्यिकी राजेंद्र मेघवाल, खेल अधिकारी राकेश विश्नोई, जिला उद्योग केंद्र प्रबंधक संतोष कुमारी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like