जैसलमेर। जिले के प्रथम दैनिक समाचार पत्र ‘महाज्ञान’ के संस्थापक संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय भँवरलाल जी पुरोहित की 18वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 8 अगस्त (शनिवार) को जैसलमेर प्रेस क्लब एवं लायंस क्लब जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर राजकीय जवाहिर चिकित्सालय, जैसलमेर में प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 2ः00 बजे तक आयोजित होगा।

      शिविर के पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल एवं विधायक छोटूसिंह भाटी ने किया। इस अवसर पर दोनों ने इस सामाजिक एवं मानवीय पहल की सराहना करते हुए जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

     जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। समय पर उपलब्ध रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विधायक छोटूसिंह भाटी ने भी कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना चाहिए।

     आयोजकों ने बताया कि स्वर्गीय भँवरलाल जी पुरोहित ने पत्रकारिता के माध्यम से जैसलमेर की जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को सदैव प्रमुखता से उठाया। उनकी पुण्य स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर मानव सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

      इस अवसर पर लायंस क्लब सचिव चंद्रशेखर पुरोहित एवं सदस्य राजशेखर पुरोहित, जैसलमेर प्रेस क्लब जिलाध्यक्ष सिकंदर शेख, शंकरदान देथा, मानसिंह देवड़ा, रजत व्यास, श्रीकांत व्यास, भादरसिंह राजपुरोहित, हरिबल्लभ पुरोहित, कोजराज परिहार, समाजसेवी चेतन शेखर पुरोहित सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

      आयोजकों ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुँचकर रक्तदान करने की अपील करते हुए संदेश दिया-रक्तदान करेंगे, जीवन बचाएंगे। रक्तदान-महादान, किसी के जीवन की नई पहचान।