जैसलमेर । जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को उल्लास, राष्ट्रभक्ति एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित करने के लिए जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए तथा अधिकारियों को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। यह राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र प्रेम का प्रतीक पर्व है। उन्होंने कहा कि समारोह का प्रत्येक आयोजन राष्ट्रीय गौरव के अनुरूप अनुशासित, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी होना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि समारोह जिले की गरिमा के अनुरूप भव्य एवं यादगार बन सके।
ध्वजारोहण से सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक प्रत्येक व्यवस्था पर विशेष फोकस
बैठक में ध्वजारोहण, परेड, सलामी, सामूहिक राष्ट्रगान, व्यायाम एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही अतिथियों के स्वागत, निमंत्रण पत्रों के मुद्रण एवं वितरण, मंच एवं बैठक व्यवस्था, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, बेरिकेडिंग, सुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, स्कूली विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन एवं शहर के प्रमुख सरकारी भवनों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर आकर्षक सजावट एवं रोशनी की व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग निर्धारित समय पर तैयारियां प्रारम्भ कर दे एवं सभी कार्यक्रम एक से बढकर एक हो उसी अनुरूप तैयारी को अंजाम दे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी सतत समन्वय बनाए रखते हुए राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट आयोजन सुनिश्चित करें।
बैठक में उपखण्ड अधिकारी जैसलमेर रामलाल मीणा, यूआईटी सचिव सुखराम पिण्डेल, आयुक्त नगरपरिषद लजपाल सिंह सोढा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।