उदयपुर, नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती से आरंभ हुए नशा मुक्त सप्ताह के अवसर पर विद्याभवन टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, उदयपुर में हार्टफुलनेस मेडिटेशन संस्थान द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बी.एड. विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर सफलतापूर्वक जीवन जीने की कला सिखाई गई।
डॉ. राकेश दशोरा, सेंटर कोऑर्डिनेटर ने बताया कि इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें नशा मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।

डॉ. रेखा सोनी ने नशे की लत और उसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि “प्रकृति द्वारा प्रदत्त वस्तुएँ हमारे लिए उपयोगी हैं, जबकि मानव निर्मित नशीली वस्तुएँ हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं।” उन्होंने बताया कि “छोटी मात्रा से शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे विद्यार्थियों को अपनी गिरफ्त में ले लेता है और जीवन पर दुष्प्रभाव डालता है।”

कार्यक्रम में नशा से बचाव हेतु हार्टफुलनेस ध्यान तकनीक का अभ्यास भी कराया गया।
वरिष्ठ प्रशिक्षक श्रीमती आशा शर्मा ने स्वयं को डिटॉक्स करने की शीतलीकरण प्रक्रिया समझाई, वहीं जोनल कोऑर्डिनेटर मधु मेहता ने ध्यान के माध्यम से मानसिक संतुलन बनाए रखने के गुर सिखाए।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. फरजाना इरफान, संकाय सदस्य और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Source: