उदयपुर उच्च शिक्षा को वैश्विक स्तर से जोड़ने की दिशा में जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ, उदयपुर तथा यूरोप के देश माल्टा स्थित एसेन्सिया संस्थान के डिजिटल शिक्षण परिसर ई-एसेन्सिया के बीच अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन हुआ है।

कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने बताया कि यह सहयोग विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

उन्होंने कहा कि इस समझौते के अंतर्गत राजस्थान विद्यापीठ के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को ई-एसेन्सिया द्वारा संचालित विविध ऑनलाइन शैक्षणिक कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इन कार्यक्रमों में व्यावसायिक अध्ययन, नेतृत्व विकास तथा तकनीकी कौशल से संबंधित पाठ्यक्रम शामिल हैं, जो वर्तमान वैश्विक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।

प्रो. सारंगदेवोत ने बताया, समझौते के अंतर्गत शिक्षकों के लिए विशेष शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का भी प्रावधान है। इससे शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव प्राप्त होगा तथा शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

कार्य के समन्वयक डॉ. चंद्रेश छ्तलानी ने बताया कि ई-एसेन्सिया द्वारा प्रदान की जाने वाली शैक्षणिक योग्यताएँ यूरोपीय शैक्षणिक मानकों के अनुरूप हैं तथा माल्टा की राष्ट्रीय योग्यता प्रणाली से मान्यता प्राप्त हैं। विशेष रूप से इन कार्यक्रमों के अंतर्गत जारी किए जाने वाले प्रमाणपत्र अत्याधुनिक डिजिटल सुरक्षा प्रणाली से सुरक्षित होंगे, जिससे उनकी प्रामाणिकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सकेगी।

यह अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा तथा उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शिक्षा, कौशल और नवाचार के क्षेत्र में यह साझेदारी भारतीय उच्च शिक्षा को वैश्विक मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

Source: