डीपीएस सोसायटी नई दिल्ली एवं में दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर के संयुक्त प्रयास के द्वारा 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल की गई है। विद्यालय प्रबंधन ने घोषणा की है कि 5 मार्च से 10 मार्च 2026 तक नर्सरी से कक्षा नवमी तक एवं ग्यारहवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली सभी बालिकाओं से प्रवेश शुल्क पूर्णतः निःशुल्क है। यह विशेष छूट केवल निर्धारित अवधि के दौरान ही लागू रहेगी।
विद्यालय के प्रो. वाइस चेयरमैन श्री गोविंद अग्रवाल के संरक्षण में लिया गया यह निर्णय समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को सुदृढ़ करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि बालिकाएँ राष्ट्र की शक्ति हैं और उनका सशक्तिकरण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही संभव है। विद्यालय सदैव से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और यह पहल उसी संकल्प का विस्तार है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय नरवरिया ने बताया कि डीपीएस, उदयपुर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, अनुभवी एवं प्रशिक्षित शिक्षकों का मार्गदर्शन, सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ, खेल-कूद, नैतिक शिक्षा तथा व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। प्रत्येक सत्र में शिक्षकों के सहयोग से नवीन शिक्षण पद्धतियाँ एवं रचनात्मक कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हो। उन्हांेने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति 8 मार्च को महिला दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय के शिक्षकों द्वारा शहर के विभिन्न कार्यक्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को वहाँ जाकर सम्मानित किया जाएगा।
महिला दिवस के उपलक्ष्य में की गई इस पहल को अभिभावकों, शिक्षाविदों एवं शहरवासियों द्वारा अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। विद्यालय प्रबंधन ने अधिक से अधिक अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाने का आह्वान किया है।
Source: