दिल्ली | 13 फरवरी से दिल्ली के भारत मंडपम में सिनेमा, संस्कृति और वैश्विक संवाद का भव्य संगम देखने को मिला। देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों और प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

 

इस बहुप्रतीक्षित महोत्सव का समापन रविवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में गरिमामय समारोह के साथ हुआ। JIFF NDFF GCC ने अपने विविध सत्रों, चर्चाओं, फिल्म प्रदर्शनों और सम्मान समारोहों के माध्यम से भारतीय और वैश्विक सिनेमा के बीच एक सशक्त सेतु का निर्माण किया।

 

अवसर था जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट द्वारा आयोजित 18वें जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (JIFF) 2026, 9वें न्यू दिल्ली फिल्म फेस्टिवल (NDFF) 2026, JIFF–NDFF ग्लोबल सिने कॉन्फ्लुएंस (GCC) तथा दिल्ली फिल्म कन्वेंशन एंड समिट 2026 के रेड कार्पेट उद्घाटन समारोह का।


40 से अधिक देशों से पहुँचे निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और अभिनेत्रियों की मौजूदगी से भारत मंडपम उत्सवमय माहौल से सराबोर हो उठा।

 

इस संयुक्त आयोजन का उद्घाटन 21 देशों के अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों ने मिलकर एकसाथ मिलकर किया। उद्घाटन में शामिल प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों में जैनब मलिक (पाकिस्तान), मनु सोब्राल (ब्राज़ील), केंजी सोनोडा एवं हार-को (जापान), रोसेला डी वेनूटो (इटली), कैरोलिन तबाह (कनाडा), इराती डोजुरा लांडा यागरि (कोलंबिया), स्टैनली सोह (सिंगापुर), अलीरेज़ा नूरी (ईरान), हसन नज़र (यूनाइटेड किंगडम), एना पैट्रिशिया एंगुलो एवं पाको कास्टिलो (पनामा), एलिसन डी. ब्राउन (लाइबेरिया) सहित फ्रांस, यूके, जापान, अमेरिका, बुल्गारिया, ट्यूनीशिया, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित फिल्मकार शामिल रहे।

 

राजस्थानी संस्कृति रही विशेष आकर्षण

उद्घाटन समारोह के दौरान प्रस्तुत राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने अतिथियों और डेलीगेट्स को भारतीय और विशेष रूप से राजस्थान की समृद्ध लोक-संस्कृति से रूबरू कराया। स्वागत गीत और भवई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और समारोह को यादगार बना दिया।

 

भारत में तीन अंतरराष्ट्रीय संगठनों के ग्लोबल मुख्यालय की घोषणा

उद्घाटन समारोह के दौरान JIFF–NDFF–GCC के संस्थापक हनु रोज ने एक दूरदर्शी पहल के तहत भारत में तीन अंतरराष्ट्रीय संगठनों के ग्लोबल मुख्यालय स्थापित करने की घोषणा की।
इनमें शामिल हैं:

🌍 ग्लोबल हेरिटेज ऑर्गनाइजेशन (GHO)
🌐 ग्लोबल कल्चर ऑर्गनाइजेशन (GCO)
🎬 ग्लोबल सिनेमा ऑर्गनाइजेशन (GCO)
हनु रोज़ ने कहा कि दशकों से वैश्विक संगठनों के मुख्यालय अमेरिका और यूरोप में केंद्रित रहे हैं, अब समय है कि भारत वैश्विक मंच पर नेतृत्व करे। भारत की विरासत, संस्कृति और सिनेमा की गहराई इसे वैश्विक सांस्कृतिक नेतृत्व का नया केंद्र बनाने में सक्षम है।

 

इस अवसर पर 60 से अधिक देशों से आई 600 से ज्यादा फिल्मों में से चयनित श्रेष्ठ फिल्मों, फिल्मकारों और कलाकारों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया, जिसने भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की विविधता, रचनात्मकता और वैश्विक दृष्टि को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

 

भारतीय सिनेमा की उल्लेखनीय उपलब्धि
इस वर्ष भारतीय सिनेमा के लिए विशेष उपलब्धि रही, जहाँ “कडल कन्नी (The Mermaid)” और “भानु” ने प्रमुख पुरस्कार अपने नाम किए। “कडल कन्नी (The Mermaid)” को वैश्विक संदेश देने वाली फिल्म के लिए ग्रीन रोज़ अवॉर्ड प्रदान किया गया, साथ ही इस फिल्म में मणिमेघलाई की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री सुनैना को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं फिल्म “भानु” के लिए कदंबरी देवी की भूमिका में उत्कृष्ट अभिनय हेतु अनुष्का चक्रवर्ती को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार प्रदान किया गया, जिससे यह फिल्म समारोह की प्रमुख विजेताओं में शामिल रही।

 

JIFF 2026 – पुरस्कारों की घोषणा
JIFF 2026 के अंतर्गत फीचर फिल्म श्रेणी में यूनाइटेड किंगडम के निर्देशक हसन नज़र को फिल्म Without Permission के लिए गोल्डन कैमल अवॉर्ड (सर्वश्रेष्ठ निर्देशक) से सम्मानित किया गया। वैश्विक संदेश देने वाली सर्वश्रेष्ठ फिल्म का ग्रीन रोज़ अवॉर्ड भारत के निर्देशक दिनेश सेल्वराज की फिल्म कडल कन्नी (The Mermaid) को प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार इसी फिल्म के लिए सुनैना को मिला। ट्यूनीशिया की निर्देशक सारा आबिदी की फिल्म Kaan Lam Takon के लिए कान लाम ताकोन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री पुरस्कार प्रदान किया गया। बुल्गारिया की फिल्म Bet के लिए डेनिएला अव्रामोवा को सर्वश्रेष्ठ मेकअप एवं हेयरस्टाइलिंग पुरस्कार दिया गया। डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में पोलैंड की निर्देशक अलिना मैक्सिमेंको की फिल्म In Limbo को ग्रीन रोज़ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इंटरनेशनल स्क्रीनप्ले प्रतियोगिता ISC @ JIFF के अंतर्गत फ्रांस की लेखिका इरीना विसोत्स्काया को On The Edge के लिए फर्स्ट टॉप स्क्रीनप्ले अवॉर्ड प्रदान किया गया। भारत की वेब सीरीज़ The Royals (निर्देशक प्रियंका घोष एवं नुपुर अस्थाना) को सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज़ घोषित किया गया। इंडियन पैनोरमा श्रेणी में भारत के सेंथिल कुमारन शनमुगम को फिल्म Veluppu के लिए गोल्डन कैमल अवॉर्ड (सर्वश्रेष्ठ निर्देशक) मिला। Adi Shakti फिल्म के लिए अर्शिया महंता को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री पुरस्कार प्रदान किया गया। शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में Ganga Girls (निर्देशक प्रशांत भट्ट एवं ज्योति जांगड़ा) को सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री चुना गया, जबकि शॉर्ट फिल्म श्रेणी में The Last Ride (निर्देशक विजेश राजन एवं यशोदा पार्थसारथी) को सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म पुरस्कार मिला। दक्षिण कोरिया के निर्देशक यूनबिन आन की फिल्म Kicking Toward Tomorrow! को सर्वश्रेष्ठ अपकमिंग फिल्म घोषित किया गया तथा भारत के पार्थसारथी महंता की एनिमेशन फिल्म Chyimi को सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया।

 

NDFF 2026 – पुरस्कारों की घोषणा
NDFF 2026 के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म का पुरस्कार भारत की फिल्म Chakri (Pinwheel) को मिला, जिसके निर्देशक पियूष भूत और अबोल वानखड़े हैं। फिल्म Bhanu के लिए आयनांशु बनर्जी को गोल्डन कैमल अवॉर्ड (सर्वश्रेष्ठ निर्देशक) प्रदान किया गया। इसी फिल्म में कदंबरी देवी की भूमिका निभाने वाली अनुष्का चक्रवर्ती को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री तथा भानुसिंह (युवा रवीन्द्रनाथ टैगोर) की भूमिका के लिए अंकित मजूमदार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुर्तगाल की फिल्म Maria Vitória को सर्वश्रेष्ठ मेकअप एवं हेयरस्टाइलिंग पुरस्कार प्राप्त हुआ, जिसके निर्देशक मारियो पैट्रोसिनियो हैं। राजस्थानी फिल्म Omlo के लिए सोनू रणदीप चौधरी को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक पुरस्कार दिया गया। डॉक्यूमेंट्री फीचर श्रेणी में इटली के निर्देशक मार्सेलो फोआ की फिल्म Federico Faggin – The Man Who Saw the Future को गोल्डन कैमल अवॉर्ड प्रदान किया गया।

ग्रीन रोज़ अवॉर्ड, जो वैश्विक संदेश देने वाली फिल्म को प्रदान किया जाता है, तथा बेस्ट कॉस्ट्यूम डिज़ाइन अवॉर्ड पाकिस्तानी फिल्म जमीला को मिला। इस फिल्म का निर्देशन Zainab Malik और मीना इसाबेला जाफ़री मलिक ने किया है। इस अवसर पर ज़ैनब मलिक समारोह में उपस्थित रहीं और उन्होंने सम्मान ग्रहण किया, जो फिल्म और पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण रहा।

 

 

सिनेमा का भविष्य: थिएटर, OTT और AI पर वैश्विक संवाद
JIFF–NDFF–GCC 2026 के अंतर्गत आयोजित एक विशेष ओपन डिस्कशन सत्र में “थिएटर और OTT से आगे: सिनेमा अब किस दिशा में जाएगा?” विषय पर गहन विचार-विमर्श हुआ। भारत, पाकिस्तान, जापान, ब्राज़ील, इटली, कनाडा, कोलंबिया, ईरान, सिंगापुर, यूनाइटेड किंगडम, पनामा और लाइबेरिया से आए वक्ताओं ने सिनेमा पर AI, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और बदलते दर्शक व्यवहार के प्रभाव पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि AI सृजनात्मकता का विकल्प नहीं बल्कि एक सहायक उपकरण है, जबकि मानवीय भावना और दृष्टि सिनेमा की आत्मा बनी रहेगी।

 

“स्क्रिप्ट लेकर शूट पर जाएँ” – वैश्विक फिल्म शूटिंग संवाद
इसी क्रम में “Bring the Script and Go for Shoot” विषय पर आयोजित सत्र में अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग नीतियों, सुविधाओं और प्रोत्साहनों पर चर्चा हुई, जिसमें फिलीपींस और इक्वाडोर द्वारा उपलब्ध कराई जा रही शूटिंग सुविधाओं को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि तकनीक के साथ आगे बढ़ते सिनेमा में कहानी और मानवीय संवेदना ही उसकी मूल शक्ति हैं।

 

JIFF NDFF GCC 2026 के आख़िरी दिन हुआ वैश्विक संवाद और भविष्य के सिनेमा की बड़ी घोषणा

JIFF NDFF GCC 2026 के समापन दिवस पर Global Networking Dialogue & Exclusive Event के अंतर्गत “Cinema of the Next 10 Years” विषय पर एक महत्वपूर्ण चर्चा आयोजित की गई। इस सत्र में सिनेमा के बदलते स्वरूप, AI, नई तकनीकों और क्रिएटिव लैंडस्केप में आ रहे परिवर्तन पर गहन मंथन हुआ।

फिल्म विशेषज्ञों, निर्माताओं, निर्देशकों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने इस बात पर विचार साझा किए कि आने वाले दशक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वर्चुअल प्रोडक्शन, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और उभरती तकनीकें किस प्रकार कहानी कहने की शैली, निर्माण प्रक्रिया और वितरण तंत्र को प्रभावित करेंगी।

इस अवसर पर तीन महत्वपूर्ण पहलों की औपचारिक घोषणा भी की गई:

✨ Cinema of the Year – Indian Cinema Awards
✨ Indian Cinema Fund

इन पहलों का उद्देश्य भारतीय सिनेमा की उत्कृष्ट कृतियों को सम्मानित करना, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और वैश्विक स्तर पर भारतीय फिल्मों को सशक्त मंच प्रदान करना है। इनका आयोजन इसी वर्ष से प्रारंभ किया जाएगा।

JIFF NDFF GCC 2026 का समापन भविष्य की सिनेमा दृष्टि और नवाचार की नई दिशा के साथ हुआ, जिसने आने वाले दशक के लिए एक मजबूत रचनात्मक आधार तैयार किया।

 

Source: