​उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री (फोर्टी) की ओर से आगामी 28 मार्च को 'फोर्टी एक्सीलेंस अवार्ड 2026' का आयोजन किया जाएगा। प्रताप गौरव केंद्र के ऑडिटोरियम में होने वाले इस गरिमामयी समारोह में राजस्थान सहित देशभर के उद्योग, व्यापार और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली उद्यमियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे। इसके साथ ही फोर्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एवं देश के नामी व्यावसायिक घरानों से जुड़े उद्योगपति भी इस गरिमामयी अवार्ड समारोह में शिरकत करेंगे।

​यह प्रतिष्ठित आयोजन 'इंडिया बिल्ड एक्सपो 2026' के दौरान संपन्न होने जा रहा है, जिसकी वजह से इसमें देशभर के नामी उद्योगपतियों, व्यापारियों और स्टार्टअप्स की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। फोर्टी द्वारा इस अवॉर्ड हेतु राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पहल न केवल व्यापार जगत में उत्कृष्टता को पहचान देने का काम करेगी, बल्कि नवाचार और नेतृत्व को भी प्रोत्साहित करेगी।

​फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अवार्ड सेरेमनी उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित करने के साथ-साथ दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन प्रदेश के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास को नई ऊर्जा प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगा।

​कार्यक्रम संयोजक प्रवीण सुथार ने बताया कि एक्सपो के दौरान यह समारोह एक मुख्य आकर्षण होगा। उन्होंने जानकारी दी कि उद्योग और अन्य क्षेत्रों से लगातार आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जहाँ अग्रणी उद्यमियों को एक मंच पर लाकर सम्मानित किया जाएगा। सुथार ने बताया कि गूगल फॉर्म के जरिये दी गयी श्रेणियों में आवेदन किया जा सकता है,जिसका कोई शु: ल्क नही है। आवेदन के लिए 24 मार्च अंतिम तारीख है।

Source: