उदयपुर। राजस्थानी सिनेमा में एक नई और अलग पहचान बनाने की दिशा में तैयार हो रही फीचर फिल्म उधड़न की पहली झलक 23 मार्च को उदयपुर में दिखाई जाएगी। तीतरी प्रोडक्शन और एम स्क्वायर के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्माण मुकेश माधवानी और विपिन तिवारी द्वारा किया जा रहा है। फिल्म की एक झलक व्यंधम गार्डन, भुवाणा में होगी।
फिल्म के निर्माता मुकेश माधवानी ने बताया कि उधड़न एक भावनात्मक और सामाजिक विषय पर आधारित फिल्म है, जो रिश्तों की उलझनों, कुरीतियों पर प्रहार और नारी सशक्तिकरण की कहानी को प्रमुखता से दर्शाती है। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग उदयपुर, कोटा, जयपुर और टोंक सहित विभिन्न स्थानों पर बड़े स्तर पर की जा रही है, जिसमें पारिवारिक ताने-बाने के साथ समाज के संवेदनशील मुद्दों को भी उजागर किया गया है।
वहीं सह-निर्माता विपिन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि फिल्म की कहानी पारंपरिक सोच से हटकर एक नई दिशा देने वाली है। इसमें सीमा पर तैनात जवानों और खेतों में मेहनत करते किसानों के जीवन के साथ-साथ समाज में महिलाओं के संघर्ष और उनके सशक्तिकरण को विशेष रूप से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म राजस्थानी सिनेमा के लिए एक नया अध्याय साबित हो सकती है।
फिल्म की एक झलक 23 मार्च को व्यंधम गार्डन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों और मीडिया के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर फिल्म से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की जाएंगी। फिल्म में उदयपुर में फिल्माए गए युद्ध के दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे, जो दर्शकों के लिए बेहद रोचक और दर्शनीय साबित होंगे।
Source: