जैसलमेर। मरु महोत्सव-2026 के तीसरे दिवस, शनिवार 31 जनवरी को प्रातः 7ः30 बजे से 8ः30 बजे तक गड़सीसर लेक पर योगा कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके बाद प्रातः 9ः30 बजे डेडानसर मैदान में सर्वाधिक आकर्षक का केन्द्र सीमा सुरक्षा बल का ’’कैमल टेंटू-शो ’’ का आयोजन होगा। वहीं इस दौरान एयरफोर्स के जांबाजों द्वारा एयर वॉरियर ड्रील का रोमांचक कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं, पॉट रेस, रस्सा-कस्सी, जिम्नास्टिक शो का आयोजन होगा। साथ ही ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता एवं शान-ए-मरुधरा  एवं कैमल पोलो मैंच का भी आयोजन होगा।

  सम-लखमणा के धोरों पर सजेगी सैलिब्रिटी नाइट

सहायक निदेशक पर्यटन कमलेश्वर सिंह ने बताया कि तीसरे दिवस को सायं  8 बजे सम-लखमणा के लहरदार रेतीले धोरों पर बॉलीवुड सैलिब्रिटी एवं प्लेबैक सिंगर राज बर्मन की मधुर एवं लोक-सांस्कृतिक संध्या सजेगी। इससे पूर्व सम-लखमणा के धोरों पर सायं 5 बजे कैमल रेस का आयोजन होगा एवं यहां पर सायं 7 बजे स्थानीय लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।

       01 फरवरी को खुहड़ी के मखमली धोरों पर भव्य समापन

 उन्होनें बताया कि पहली बार मरु महोत्सव का समापन माघ पूर्णिमा की धवल चांदनी रात में 01 फरवरी को खुहड़ी के रेतीले धोरों पर किया जाएगा। उन्होनें बताया कि रात्रि 8 बजे इंडियन आइडल फेम सैलिब्रिटी कलाकार पीयूष पंवार एवं ममे खां द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये जायेगें। इससे पूर्व खुहड़ी में सायं 5 बजे कैमल रेस का आयोजन होगा।

लाणेला में होगी घुड़-दौड

उन्होनें बताया कि मरू महोत्सव कार्यक्रमों की कडी में 1 फरवरी को प्रातः 11 बजे लाणेला के रण में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन होगा वही प्रातः 9 से दोपहर 1 बजे तक कुलधरा एवं खाभा फोर्ट में मांडणा आर्ट प्रदर्शनी एवं लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। यह मरु महोत्सव-2026 थार की लोकसंस्कृति, संगीत, परंपरा एवं पर्यटन को वैश्विक मंच प्रदान करते हुए जैसलमेर को एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाएगा।

Source: