जैसलमेर। विश्वविख्यात मरू महोत्सव - 2026 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ हुआ। अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर महोत्सव का औपचारिक आगाज किया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, सहायक कलक्टर रोहित वर्मा, समाजसेवी अरुण पुरोहित एवं कंवराज सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
महोत्सव के उद्घाटन सत्र में मरुधरा की लोकसंस्कृति, परंपराएं एवं जीवनशैली दर्शाने वाली विविध प्रतियोगिताएं दर्शकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
जैसलमेर के मनीष पंवार बने मरूश्री-2026
महोत्सव की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मरू श्री में कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की पारंपरिक वेशभूषा, कद-काठी, दाढ़ी-मूंछ एवं जैसलमेरी व्यक्तित्व के आधार पर मूल्यांकन किया।
निर्णय के अनुसार जैसलमेर के मनीष पंवार को मरू श्री - 2026 के खिताब से सम्मानित किया गया।
बीकानेर की कुसुम पंवार बनी मिस मूमल-2026
मिस मूमल प्रतियोगिता में 8 प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा, श्रृंगार व आकर्षक परिधानों में अपनी प्रस्तुति दी। निर्णायकों के कड़े मूल्यांकन के पश्चात बीकानेर की कुसुम पंवार को मिस मूमल-2026 चुना गया।
मिसेज जैसलमेर-2026 का खिताब ताज के नाम
मिसेज जैसलमेर प्रतियोगिता में विवाहित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में बिलाड़ा, जोधपुर की श्रीमती ताज ने उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर मिसेज जैसलमेर-2026 का खिताब अपने नाम किया।
अन्य प्रतियोगिताओं ने भी बटोरी सुर्खियां
उद्घाटन सत्र में आयोजित ऊंट गाड़ा प्रतियोगिता, साफा बांधो प्रतियोगिता, मूंछ प्रतियोगिता, घोटुआं प्रतियोगिता एवं अन्य पारंपरिक प्रतियोगिताएं अत्यंत रोचक रही।
साफा बांधो प्रतियोगिता (भारतीय वर्ग) में शैतान सिंह (प्रथम), स्वर्ण खान (द्वितीय) एवं स्वरूप खान (तृतीय) विजेता रहे। वहीं, विदेशी पर्यटकों के बीच आयोजित प्रतियोगिता में हॉलैंड की पुक (प्रथम), यूके के जैमील (द्वितीय) एवं यूएसए के राकेश जी (तृतीय) विजेता रहे।
मूमल-महेंद्रा झांकी प्रतियोगिता में इमानुअल मिशन स्कूल, जैसलमेर (प्रथम), महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय ई. गा. न. प. जैसलमेर (द्वितीय) एवं वायुसेना विद्यालय, जैसलमेर (तृतीय) स्थान पर रही।
मूंछ प्रतियोगिता में गोपाल सिंह (प्रथम), नारायण सिंह (द्वितीय) एवं राजेन्द्र सिंह व श्रवणराम (तृतीय) को सम्मानित किया गया।
घोटुआं प्रतियोगिता में राजेंद्र सिंह ने जैसलमेर की प्रसिद्ध मिठाई सर्वाधिक घोटुआं खाकर विजेता रहे।
विजेताओं का सम्मान
जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने मरूश्री-2026 मनीष पंवार व मिस मूमल-2026 कुसुम पंवार को ताज पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह व ट्राफी, प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया एवं उन्हें हार्दिक बधाई दी। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगतिओं के विजेताओं को भी पुरूस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मरू श्री एवं उपप्राचार्य विजय बल्लाणी एवं अर्जुन सिंह भाटी द्वारा किया गया।
बीएसफ ने लगाई हथियार प्रदर्शनी
मरूमहोत्सव 2026 के अवसर पर सीमा सुरक्षा बल द्वारा हथियार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में बीएसफ द्वारा प्रयुक्त किये जाने वाले हथियारों को प्रदर्शित किया गया। वही देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वेस्व न्यौच्छार करने वाले वीर जवानों की जीवन शैली से आमजन को परिचित कराने के लिए फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शनी को देशी-विदेशी सैलानियों ने उत्साह के साथ देखा एवं जवानों की देश के प्रति राष्ट्र भावना को सराहा।
इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ उमेश, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अशोक गोयल, सहायक निदेशक पर्यटन कमलेश्वर सिंह , सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, अन्य अधिकारी, कर्मचारी,, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, देश-विदेश से आए पर्यटक सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Source: